ढोल-ताशों के साथ निकली विसर्जन यात्राएं, अगले बरस जल्दी आने की कामना के साथ भक्तों ने किया गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन
धार। गणेशोत्सव के समापन पर शुक्रवार को शहर में आस्था और भावनाओं का सैलाब नजर आया। गणपति बप्पा की विदाई के दौरान श्रद्धालुओं की आंखें नम रहीं, वहीं ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारों से शहर का माहौल भक्तिमय बना रहा। सुबह से ही घरों और विभिन्न गणेश पंडालों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमाओं की विसर्जन यात्राएं शुरू हो गईं।
ढोल-ताशों और डीजे की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते हुए विसर्जन स्थलों तक पहुंचे। कई स्थानों पर महिलाओं और बच्चों ने भी उत्साह के साथ यात्रा में हिस्सा लिया। रास्ते में लोगों ने गणपति की आरती उतारी और पुष्पवर्षा कर बप्पा को विदाई दी। श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करते हुए अगले वर्ष फिर से गणपति के आगमन की प्रार्थना की।
वन विभाग परिसर में भी गूंजे जयकारे
वन विभाग परिसर में स्थापित गणपति प्रतिमा का भी शुक्रवार को श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ विसर्जन किया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूजा-अर्चना कर भगवान गणेश से सुख-समृद्धि और जिले में खुशहाली की कामना की। इसके बाद ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच प्रतिमा को विसर्जन स्थल तक ले जाया गया। बड़ी संख्या में विभागीय अधिकारी-कर्मचारी इस दौरान मौजूद रहे।
शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से देर शाम तक प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला चलता रहा। विदाई के दौरान कहीं उत्साह तो कहीं भावुकता का माहौल दिखाई दिया। श्रद्धालुओं ने बप्पा को विदाई देते हुए कहा—‘अगले बरस तू जल्दी आ।’
विसर्जन को लेकर प्रशासन और पुलिस ने भी सुरक्षा व्यवस्था संभाली। प्रमुख मार्गों और विसर्जन स्थलों पर निगरानी रखी गई, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।