एयरपोर्ट रोड की संपत्ति को लेकर छह महीने से भटक रहे पीड़ित; निगमायुक्त बोले- शिकायतों की जांच जारी, दोषियों पर होगी कार्रवाई
इंदौर। नगर निगम में सामने आए नामांतरण गड़बड़ी के मामलों के बीच मंगलवार को एक परिवार शिकायत लेकर निगम मुख्यालय पहुंचा। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि एयरपोर्ट रोड स्थित उनके प्लॉट का गलत तरीके से नामांतरण कर दिया गया है। उनका कहना है कि वे वर्षों से प्लॉट क्रमांक 69 का संपत्तिकर जमा करते आ रहे हैं, लेकिन रिकॉर्ड में नामांतरण प्लॉट क्रमांक 70 पर कर दिया गया, जिससे उन्हें लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
परिवार ने बताया कि पिछले छह माह से वे निगम अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक मामले का समाधान नहीं हो सका। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर रिकॉर्ड में सुधार की मांग की है।
उधर, निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने कहा कि जैसे ही बड़ी संख्या में नामांतरण संबंधी शिकायतों की जानकारी मिली, तत्काल रिकॉर्ड की जांच शुरू कर कई मामलों में सुधार किया गया। उन्होंने बताया कि पहले नामांतरण प्रक्रिया में ओटीपी सत्यापन की व्यवस्था नहीं थी, लेकिन अब पारदर्शिता बढ़ाने के लिए यह प्रणाली लागू कर दी गई है।
निगमायुक्त के अनुसार पूरे मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई है, जो सभी शिकायतों की पड़ताल कर रही है। जांच पूरी होने के बाद जिन अधिकारियों या कर्मचारियों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रभावित लोगों की शिकायतों का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।