सह-आरोपी के जरिए ली रिश्वत, भोपाल लोकायुक्त की जीरापुर में कार्रवाई; दोनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज
राजगढ़। भूमि नामांतरण के बदले सात हजार रुपए रिश्वत मांगना महिला पटवारी को भारी पड़ गया। भोपाल लोकायुक्त की टीम ने गुरुवार को जीरापुर में कार्रवाई करते हुए पटवारी सीमा दांगी और सह-आरोपी जमना प्रसाद उर्फ बबलू वर्मा को रिश्वत की राशि लेते रंगेहाथ पकड़ लिया। कार्रवाई जीरापुर की सिरपोई कॉलोनी स्थित पटवारी के निजी कार्यालय में की गई।
लोकायुक्त के अनुसार ग्राम श्यामपुरा निवासी राम प्रसाद दांगी ने 13 अगस्त को भूमि नामांतरण को लेकर शिकायत की थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि ग्राम खेजड़िया के हल्का नंबर 78 में स्थित खसरा नंबर 407/1 की भूमि के नामांतरण के लिए आवेदन किया था। आवेदन की स्थिति जानने के लिए संबंधित पटवारी से संपर्क करने पर नामांतरण की कार्रवाई के बदले सात हजार रुपए रिश्वत की मांग किए जाने का आरोप लगाया।
सत्यापन में मांग की पुष्टि
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने रिश्वत मांगने की शिकायत का सत्यापन कराया। मांग की पुष्टि होने पर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार पाटीदार के निर्देशन में ट्रैप दल गठित किया गया। इसके बाद गुरुवार को तय योजना के अनुसार टीम ने जीरापुर पहुंचकर कार्रवाई की।
सह-आरोपी के जरिए ली रकम
लोकायुक्त के मुताबिक पटवारी सीमा दांगी ने कथित रूप से सह-आरोपी जमना प्रसाद उर्फ बबलू वर्मा के माध्यम से सात हजार रुपए की रिश्वत ली। जैसे ही रकम का लेन-देन हुआ, लोकायुक्त टीम ने दोनों को पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार संबंधी प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू की गई है।
कार्रवाई उप पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में निरीक्षक रजनी तिवारी सहित लोकायुक्त टीम के सदस्यों ने की।