← वापस
इंदौर

नाना पटवारी की मुश्किलें और बढ़ीं: शिकायत वापस लेने के लिए ₹20 लाख की पेशकश का आरोप  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
नाना पटवारी की मुश्किलें और बढ़ीं: शिकायत वापस लेने के लिए ₹20 लाख की पेशकश का आरोप

 

नाना पटवारी की मुश्किलें और बढ़ीं: शिकायत वापस लेने के लिए ₹20 लाख की पेशकश का आरोप

      प्लॉट धोखाधड़ी केस में नया मोड़; पीड़ित ने पुलिस को सौंपा नकदी से भरा बैग, 'NP' कोडवर्ड वाली डायरियां भी जांच के घेरे में

      इंदौर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी से जुड़े कथित प्लॉट धोखाधड़ी मामले में नया मोड़ आ गया है। राजेंद्र नगर थाना पुलिस की जांच के दौरान अब शिकायतकर्ता को कथित रूप से धमकाकर मामला वापस लेने और 20 लाख रुपये नकद देने की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़ित ने नकदी से भरा बैग पुलिस को सौंप दिया, जिसके बाद जांच और तेज कर दी गई है।

    पुलिस के अनुसार, शुभम वैली कॉलोनी में प्लॉट खरीदने के लिए डायरी पर सौदा करने वाले राजेंद्र नगर निवासी संजय महाजन ने शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप है कि वर्ष 2023 में नाना पटवारी के साथ हुए एग्रीमेंट के तहत उन्होंने यूपीआई के माध्यम से 11 लाख रुपये का भुगतान किया था, लेकिन तय शर्तों के बावजूद उन्हें प्लॉट नहीं मिला।

    शिकायतकर्ता का आरोप है कि मामला दर्ज होने के बाद जीतू तिंदोरी नामक व्यक्ति उनके घर पहुंचा और शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया। आरोप है कि उन्हें 20 लाख रुपये देने का प्रस्ताव दिया गया तथा जिला न्यायालय ले जाकर एक शपथ पत्र पर हस्ताक्षर भी करवाए गए। हालांकि अगले ही दिन उन्होंने पुलिस से संपर्क कर नकदी से भरा बैग अधिकारियों को सौंप दिया।

    डीसीपी नरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि मामले की जांच जारी है। वहीं, पूछताछ में कॉलोनी के कथित संचालक सुमित मंत्री ने स्वीकार किया है कि "NP" कोडवर्ड से जुड़ी 5-6 डायरियां संचालित की जाती थीं। पुलिस अब नकदी के स्रोत, कथित लेन-देन, डिजिटल रिकॉर्ड और पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...