← वापस
नई दिल्ली

नेपाल ने भारतीयों को दी बड़ी राहत: अब 25 हजार तक के 200-500 के नए नोट ले जाना होगा वैध  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
नेपाल ने भारतीयों को दी बड़ी राहत: अब 25 हजार तक के 200-500 के नए नोट ले जाना होगा वैध

 

2016 के बाद जारी भारतीय नोटों को मिली मंजूरी,पुराने 500 और 1000 के नोटों पर प्रतिबंध बरकरार; पर्यटन, व्यापार और सीमा पार आवाजाही को मिलेगा बड़ा फायदा

नई दिल्ली काठमांडू। भारत और नेपाल के बीच यात्रा, व्यापार और धार्मिक पर्यटन करने वाले लाखों लोगों के लिए राहत भरी खबर है। नेपाल राष्ट्र बैंक (एनआरबी) ने नई अधिसूचना जारी करते हुए भारतीय और नेपाली नागरिकों को 9 नवंबर 2016 के बाद जारी भारतीय 200 और 500 रुपये के नोट अधिकतम 25,000 रुपये तक नेपाल लाने और ले जाने की अनुमति दे दी है। इस फैसले से सीमा पार व्यापार, पर्यटन और आम यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

नेपाल राष्ट्र बैंक ने स्पष्ट किया है कि 8 नवंबर 2016 से पहले जारी 500 और 1000 रुपये के पुराने भारतीय नोटों पर प्रतिबंध पहले की तरह जारी रहेगा। वहीं नेपाली नागरिक भारतीय मुद्रा केवल भारत से ही नेपाल ला सकेंगे और उसे किसी तीसरे देश में नहीं ले जा सकेंगे।

भारत और नेपाल के बीच खुली सीमा, मजबूत व्यापारिक संबंध और सांस्कृतिक जुड़ाव के कारण प्रतिदिन हजारों लोगों की आवाजाही होती है। हर साल बड़ी संख्या में भारतीय श्रद्धालु पशुपतिनाथ, जनकपुर और मुक्तिनाथ जैसे धार्मिक स्थलों की यात्रा करते हैं, जबकि हजारों नेपाली नागरिक भारत में रोजगार, शिक्षा और व्यापार से जुड़े हैं। ऐसे में इस फैसले को दोनों देशों के बीच आर्थिक गतिविधियों और पर्यटन को गति देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

नेपाल सरकार ने विदेशी मुद्रा संबंधी नियमों में भी राहत देते हुए कहा है कि नेपाली नागरिक और विदेशी पर्यटक 5,000 अमेरिकी डॉलर तक की विदेशी मुद्रा बिना सीमा शुल्क घोषणा के नेपाल ला सकेंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि भारतीय मुद्रा को लेकर वर्षों से बनी व्यावहारिक दिक्कतें अब काफी हद तक दूर होंगी और दोनों देशों के बीच व्यापारिक लेन-देन पहले से अधिक सुगम होगा।

खबरें और भी हैं...