बाघों के गलियारे से गुजर रहे राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर हादसा, अंडरपास और वाहनों की गति नियंत्रित करने के इंतजाम नहीं होने से बढ़ रहा खतरा
सागर। नौरादेही टाइगर रिजर्व के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से एक बाघ गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे ने एक बार फिर वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर वन विभाग और जिम्मेदार एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बाघों के प्राकृतिक आवागमन वाले क्षेत्र से गुजरने वाले इस मार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार वन्यजीवों के लिए जानलेवा साबित हो रही है।
बताया जा रहा है कि राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही के बीच बाघ सड़क पार कर रहा था,तभी तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाघ गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसके बचाव और उपचार की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। वन्यजीव संरक्षण से जुड़े अजय दुबे का कहना है कि ऐसे मामलों में तत्काल बचाव अभियान चलाना बेहद जरूरी है,क्योंकि उपचार में देरी घायल वन्यजीव की जान पर भारी पड़ सकती है।
लगातार हो रहे हादसों के बावजूद राष्ट्रीय राजमार्ग पर वन्यजीवों की सुरक्षित आवाजाही के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं होने की शिकायतें सामने आती रही हैं। बाघों के गलियारे में सुरक्षित भूमिगत रास्ते,चेतावनी संकेतक,गति सीमा का सख्ती से पालन और निगरानी व्यवस्था जरूरी है।
दुबे ने वन विभाग और केंद्र सरकार से राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर तत्काल सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है। सवाल यह है कि आखिर कितने बाघ और तेंदुए सड़क हादसों का शिकार होंगे,तब जाकर जिम्मेदार एजेंसियां स्थायी सुरक्षा व्यवस्था करेंगी?
फ़ोटो एआई