दमोह। मध्य प्रदेश शासन के "नशा से है दूरी, ज़रूरी 2.0" अभियान के तहत विकासखंड दमोह की शासकीय माध्यमिक शाला लक्ष्मण कुटी में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस विभाग एवं सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के मार्गदर्शन में शक्ति फाउंडेशन और समग्र कल्याण समिति के संयुक्त तत्वावधान में हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने नशा मुक्ति रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया और समाज से नशे के खिलाफ एकजुट होने का संदेश दिया। सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित नागरिकों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए शपथ भी ग्रहण की।
इस अवसर पर दमोह देहात थाना के प्रधान आरक्षक मुकेश, आरक्षक जितेंद्र पटेल, शक्ति फाउंडेशन के अध्यक्ष आकाश शक्ति पटेल, समाजसेवी सुरेश राठौड़, बृजेश सेन, शिक्षक उत्तम पटेल सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।