← वापस
इंदौर

नशे के लिए राहगीरों से मोबाइल झपटते थे 4 बदमाश: 12 घंटे में गैंग का खुलासा, 16 मोबाइल और 2 वाहन बरामद; 6 लाख का माल जब्त

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
नशे के लिए राहगीरों से मोबाइल झपटते थे 4 बदमाश: 12 घंटे में गैंग का खुलासा, 16 मोबाइल और 2 वाहन बरामद; 6 लाख का माल जब्त

इंदौर। राहगीरों से मोबाइल झपटमारी करने वाले गिरोह पर तेजाजी नगर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 16 मोबाइल फोन, एक बाइक और एक ऑटो रिक्शा बरामद किया है। बरामद मशरूका की कीमत करीब 6 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे की लत पूरी करने के लिए राहगीरों को निशाना बनाते थे।

      पुलिस के मुताबिक 23 अगस्त की मध्यरात्रि मुखबिर से सूचना मिली थी कि कैलोद फाटा सर्विस रोड पर ऑटो और बाइक के पास चार संदिग्ध युवक खड़े हैं और राहगीरों से मोबाइल झपटने की तैयारी में हैं। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र मरकाम के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया।

       पूछताछ में आरोपियों की पहचान गोविंद राठौर,यश सोनकर,दुर्गेश डागर और युवराज अरमोर के रूप में हुई। तलाशी में अलग-अलग स्थानों से झपटमारी के 16 मोबाइल बरामद किए गए। पुलिस अब इन मोबाइल के वास्तविक मालिकों की जानकारी जुटा रही है।

पहले से दर्ज हैं केस

   पुलिस के अनुसार आरोपियों में कुछ के खिलाफ इंदौर के अलग-अलग थानों में पहले से आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। गोविंद के खिलाफ आबकारी एक्ट और बीएनएस के मामले बताए गए हैं, जबकि दुर्गेश के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज हैं।

    पुलिस ने बताया कि बरामद मोबाइल आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे जाएंगे। पुलिस गैंग से जुड़ी अन्य वारदातों और आरोपियों के नेटवर्क की भी जानकारी जुटा रही है।

खबरें और भी हैं...