इंदौर। यात्रियों की सुरक्षा और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस ने बसों और भारी वाहनों के चालकों की आकस्मिक जांच की। बेस्ट प्राइस बायपास और तेजाजी नगर चौराहे पर ब्रीथ एनालाइजर से चालकों की जांच की गई। इस दौरान किसी भी चालक के शराब के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि नहीं हुई।
बेस्ट प्राइस बायपास पर पुलिस टीम ने 30 से 35 अंतरराज्यीय बसों और व्यावसायिक वाहनों की जांच की, जबकि तेजाजी नगर चौराहे पर 25 से 30 बसों और भारी वाहनों के चालक जांच के दायरे में आए। पुलिस ने चालकों को सुरक्षित और जिम्मेदारी से वाहन चलाने की समझाइश भी दी। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशन और डीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में की गई।