← वापस
इंदौर

नशा मुक्ति केंद्र में युवक ने लगाई फांसी, मौत के बाद मची भगदड़; 70 से ज्यादा मरीज फरार!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
नशा मुक्ति केंद्र में युवक ने लगाई फांसी, मौत के बाद मची भगदड़; 70 से ज्यादा मरीज फरार!  
नशा मुक्ति केंद्र में युवक ने लगाई फांसी, मौत के बाद मची भगदड़; 70 से ज्यादा मरीज फरार!  
1 / 2

वॉशरूम में एक घंटे तक बंद रहा सचिन, दरवाजा तोड़ा तो फंदे पर मिला शव; परिजनों ने प्रबंधन पर लगाए लापरवाही के आरोप, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इंदौर। शहर के रावजी बाजार थाना क्षेत्र स्थित पहचान नशा मुक्ति केंद्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या के बाद हड़कंप मच गया। केंद्र में भर्ती सचिन लोधी ने वॉशरूम में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना सामने आते ही केंद्र में अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच मौके का फायदा उठाकर 70 से अधिक मरीज मुख्य गेट का ताला और बाउंड्रीवॉल फांदकर फरार हो गए। एक युवक की मौत और इतनी बड़ी संख्या में मरीजों के भागने की घटना ने नशा मुक्ति केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी और प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

    जानकारी के मुताबिक,सचिन सुबह नहाने का कहकर वॉशरूम में गया था। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर करीब एक घंटे बाद सिक्योरिटी गार्ड को शक हुआ। दरवाजा तोड़कर देखा तो सचिन फंदे पर लटका मिला। आनन-फानन में उसे एमवाय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

  मृतक के जीजा केशव लोधी ने बताया कि सचिन को करीब एक महीने तीन दिन पहले नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था। घटना वाले दिन सुबह ही परिजनों ने केंद्र में पैसे जमा किए थे। इसके कुछ देर बाद ही उन्हें सचिन की मौत की सूचना मिली। परिजनों ने केंद्र प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

     मौत के बाद 70 मरीज कैसे भागे?

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि युवक की मौत के बाद केंद्र में मौजूद 70 से अधिक मरीज मुख्य गेट का ताला खोलकर और बाउंड्रीवॉल फांदकर भाग निकले। इतनी बड़ी संख्या में मरीजों के फरार होने से केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई। पुलिस अब फरार मरीजों की तलाश के साथ उनके परिजनों से संपर्क कर रही है।

रावजी बाजार थाना प्रभारी मनीष मिश्र के मुताबिक, पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। केंद्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। युवक की मौत के कारणों और मरीजों के फरार होने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

अब सवाल यह है कि जिस केंद्र में नशे की लत छुड़ाने के लिए मरीजों को रखा गया था, वहां सुरक्षा और निगरानी की जिम्मेदारी आखिर किसकी थी?

खबरें और भी हैं...