← वापस
इंदौर

नशे और हथियारों के सौदागरों पर क्राइम ब्रांच का शिकंजा, दो जिलों से दबोचे सप्लायर!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
नशे और हथियारों के सौदागरों पर क्राइम ब्रांच का शिकंजा, दो जिलों से दबोचे सप्लायर!

 

एमडी ड्रग्स के मामले में आजाद नगर का अरबाज गिरफ्तार, हथियार तस्करी में बड़वानी का सतवंत सिंह पकड़ाया; करोड़ों के नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने में जुटी पुलिस

इंदौर। शहर में नशे और अवैध हथियारों की सप्लाई चेन तोड़ने के लिए क्राइम ब्रांच ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए इंदौर और बड़वानी से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एमडी ड्रग्स तस्करी में आजाद नगर निवासी मोहम्मद अरबाज उर्फ छोटू (29) और हथियारों की सप्लाई में बड़वानी के पलसूद निवासी सतवंत सिंह (24) को पकड़ा गया है। पुलिस अब दोनों के नेटवर्क और मुख्य सप्लायरों की तलाश में जुटी है।

पहले मामले में 25 अगस्त को डीआरपी लाइन अस्पताल के सामने शांतिपथ रोड से फैजान पठान उर्फ बारीक को 52.71 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया गया था। जब्त नशे की कीमत करीब 5.20 लाख रुपए थी। जांच में अरबाज की भूमिका सामने आने पर उसे गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/29 जोड़ी गई। अरबाज के खिलाफ पहले भी हत्या के प्रयास और बलवे का मामला दर्ज है।

वहीं, हथियार तस्करी के मामले में पुलिस ने 2025 में रीजनल पार्क के पास चार देशी पिस्टल के साथ पकड़े गए ग्वालियर निवासी राहुल जोशी से मिली जानकारी के आधार पर सतवंत सिंह को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

     84 मामलों में 188 आरोपी गिरफ्तार

क्राइम ब्रांच के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस के 84 मामलों में 188 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। करीब 4.38 करोड़ रुपए के मादक पदार्थ और वाहन जब्त किए गए हैं। वहीं, आर्म्स एक्ट के दो मामलों में छह आरोपियों को पकड़कर सात पिस्टल, एक कट्टा और आठ कारतूस जब्त किए गए हैं। अब पुलिस दोनों मामलों में सप्लाई के स्रोत, खरीदारों और नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों को बेनकाब करने में जुटी है।

खबरें और भी हैं...