5 बच्चों समेत सभी को रस्सी के सहारे सुरक्षित निकाला; बारिश से बढ़े जलस्तर के बीच बड़ा हादसा टला
सीहोर/अहमदपुर। जिले के अहमदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भीलाखेड़ी में बारिश के चलते नदी का जलस्तर बढ़ गया। इस दौरान 5 बच्चों समेत 10 लोग नदी के बीच फंस गए। सूचना मिलते ही अहमदपुर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
पुलिस जवानों ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए नदी में फंसे लोगों को रस्सी के सहारे सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान बच्चों को प्राथमिकता देते हुए सभी 10 लोगों को एक-एक कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
बताया गया कि बारिश के कारण अचानक नदी में पानी बढ़ गया था, जिससे लोग बीच में फंस गए और बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिल पा रहा था। समय रहते पुलिस के पहुंचने से बड़ा हादसा टल गया।
रेस्क्यू के बाद सभी लोगों के सुरक्षित होने की पुष्टि की गई। घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। ग्रामीणों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। अधिकारियों ने बारिश के दौरान नदी-नालों के बढ़े जलस्तर को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने और पानी के तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।