पुलिस ने 144 सिक्के और 2.38 लाख रुपए किए जब्त, मकान मालिक-मजदूर समेत चार पर केस
भानपुरा। थाना क्षेत्र के बरखेड़ी गांव में मकान की नींव की खुदाई के दौरान 100 साल से अधिक पुराने चांदी के सिक्के मिलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सिक्के मिलने के बाद मकान मालिक, मजदूर और दो नाबालिगों ने उन्हें आपस में बांट लिया और मामले को दबाने की कोशिश की। सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार 26 अगस्त को दोपहर करीब 1 बजे मकान निर्माण के लिए खुदाई चल रही थी। इसी दौरान जमीन से बड़ी संख्या में पुराने चांदी के सिक्के निकले। इनमें वर्ष 1904 के ब्रिटिश शासनकाल से जुड़े सिक्के भी बताए जा रहे हैं, जिन पर तत्कालीन शासक जॉर्ज पंचम की छवि अंकित है। सिक्कों की संख्या 700 से अधिक होने की बात सामने आई है।
ग्राम चौकीदार से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच की। पुलिस ने मकान मालिक प्रेमसिंह पिता देवीसिंह भाटी, मजदूर जीतमल बैरागी और दो नाबालिगों को मामले में आरोपी बनाया है। अब तक आरोपियों के कब्जे से 144 चांदी के सिक्के और 2 लाख 38 हजार रुपए जब्त किए जा चुके हैं।
पुलिस के मुताबिक तत्कालीन चांदी की शुद्धता के आधार पर एक सिक्के की कीमत करीब 4 हजार रुपए आंकी जा सकती है। सिक्कों की संख्या को लेकर विवाद सामने आने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। एएसपी राम स्नेही मिश्रा ने बताया कि प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।