श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच खुले में शराब पिलाने की शिकायत, प्रशासन से नौ दिन कार्रवाई का आग्रह
देवास। नवरात्रि पर्व के दौरान मां चामुंडा टेकरी पर लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए टेकरी के आसपास शराब दुकानें और अवैध अहाते बंद कराने की मांग उठी है। साजिद अली ने प्रशासन को दिए आवेदन में टेकरी से एक किलोमीटर के दायरे में नवरात्रि के नौ दिनों तक शराब बिक्री और बैठाकर शराब पिलाने पर रोक लगाने की मांग की है।
आवेदन में बताया गया कि बावड़िया, बीएनपी रोड और विकास नगर क्षेत्र में संचालित देशी-विदेशी शराब दुकानों के आसपास गली-मोहल्लों, गुमटियों, किराना व चाय दुकानों की आड़ में खुले में शराब पिलाने और बेचने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे नवरात्रि के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं के साथ महिलाओं और बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
होटल-ढाबों की आड़ में अहाते चलने का आरोप
आवेदन में होटल, ढाबे और एवरेफ्रेश की आड़ में संचालित कथित अवैध अहातों पर भी कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायतकर्ता ने प्रशासन से ऐसे स्थानों की जांच कर नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
नौ दिन बंद रखने की मांग
मांग की गई है कि नवरात्रि के नौ दिनों तक चामुंडा टेकरी के एक किलोमीटर दायरे में शराब दुकानें और अवैध अहाते बंद रखे जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और धार्मिक वातावरण मिल सके। साथ ही खुले में शराब पिलाने या बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए।