← वापस
नई दिल्ली

नवरात्रि में हादसों का कहर: 5 शहरों में 42 मौतें, ग्वालियर में ट्रक ने 15 श्रद्धालुओं को कुचला!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
नवरात्रि में हादसों का कहर: 5 शहरों में 42 मौतें, ग्वालियर में ट्रक ने 15 श्रद्धालुओं को कुचला!

 

शीतला माता मंदिर के दर्शन के लिए सड़क किनारे कतार में खड़े थे श्रद्धालु; कोलकाता में भगदड़ से 19 की मौत, आसनसोल में चिमनी गिरने से 4 ने गंवाई जान

नई दिल्ली/ग्वालियर। देशभर में नवरात्रि उत्सव के बीच शनिवार की रात कई परिवारों के लिए मातम लेकर आई। ग्वालियर, कोलकाता और आसनसोल समेत पांच शहरों में हुए अलग-अलग हादसों में कुल 42 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए। ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के दर्शन के लिए कतार में खड़े श्रद्धालुओं को धान से भरे बेकाबू ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में 15 लोगों की मौत हुई और 26 घायल हो गए। कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ से 19 लोगों की जान चली गई, जबकि आसनसोल में निर्माणाधीन चिमनी का हिस्सा गिरने से चार मजदूरों की मौत हो गई।

ग्वालियर में ढलान पर बेकाबू हुआ ट्रक

ग्वालियर में शनिवार देर रात करीब 1:30 बजे चीनौर रोड पर हादसा हुआ। शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालु सड़क किनारे कतार में खड़े थे। इसी दौरान चीनौर की ओर से आ रहा धान से भरा ट्रक ढलान पर बेकाबू हो गया। ट्रक पुलिस चौकी तोड़ते हुए श्रद्धालुओं को कुचलकर मंदिर की बाहरी दीवार और प्रवेश द्वार से जा टकराया। दीवार ढहने से कई लोग मलबे में दब गए। घायलों को जयारोग्य अस्पताल पहुंचाया गया। चालक ने ब्रेक फेल होने की बात कही। पुलिस ने ट्रक चालक और मालिक को गिरफ्तार किया है। हादसे के बाद प्रशासनिक कार्रवाई में सिटी एसपी सहित नौ अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को हटाने या निलंबित करने की जानकारी सामने आई।

कोलकाता में भगदड़, आसनसोल में चिमनी गिरी

कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ से 19 लोगों की मौत और 25 के घायल होने की खबर है। पुलिस ने आयोजकों समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया। घटना की जांच के लिए विशेष जांच दल गठित करने की घोषणा की गई। पीड़ित परिवारों को 25 लाख रुपये की सहायता और सरकारी नौकरी देने का ऐलान भी किया गया।

वहीं, पश्चिम बंगाल के आसनसोल के जमुड़िया क्षेत्र में श्याम एसईएल एंड पावर लिमिटेड के निर्माणाधीन बिजली संयंत्र में चिमनी का हिस्सा ढहने से चार लोगों की मौत हो गई। हादसे के समय वहां निर्माण कार्य चल रहा था। पांच शहरों में हुए हादसों ने सुरक्षा इंतजामों और भीड़ प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

खबरें और भी हैं...