बगड़ी-घाटा बिल्लौद में 18 से 25 अगस्त तक चला विशेष चेकिंग अभियान, बस से 6.57 लाख और डंपर से 1.82 लाख रुपए बकाया कर वसूला
धार। सड़क पर नियमों की अनदेखी और मोटरयान कर की बकाया राशि वाहन संचालकों को भारी पड़ी। परिवहन विभाग ने 18 से 25 अगस्त तक बगड़ी और घाटा बिल्लौद क्षेत्र में विशेष वाहन जांच अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की। अभियान में 8 वाहनों को जब्त किया गया, जबकि चालानी कार्रवाई और बकाया कर की वसूली मिलाकर विभाग ने 10 लाख 55 हजार रुपए से अधिक की राशि जमा कराई।
परिवहन आयुक्त एवं कलेक्टर राजीव रंजन मीना के निर्देश पर चलाए गए अभियान में वाहनों के परमिट, फिटनेस, बीमा, कर और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर करीब 2 लाख 16 हजार रुपए का शमन शुल्क वसूला गया।
यात्री बस से 6.57 लाख, डंपर से 1.82 लाख बकाया कर वसूला
अभियान के दौरान 19 अगस्त को जब्त की गई यात्री बस के मामले में वाहन मालिक से 6 लाख 57 हजार 384 रुपए का बकाया मोटरयान कर जमा कराया गया। इसी तरह एक डंपर से करीब 1 लाख 82 हजार रुपए का बकाया कर वसूल किया गया। कर जमा होने के बाद दोनों वाहनों का नियमानुसार निराकरण किया गया।
छह अन्य वाहन भी जद में
जांच के दौरान दस्तावेजों और अन्य वैधानिक प्रावधानों में अनियमितता मिलने पर छह अन्य वाहनों को भी जब्त किया गया। इन्हें आगामी वैधानिक कार्रवाई और निराकरण के लिए परिवहन कार्यालय परिसर में खड़ा कराया गया है। एक वाहन का परमिट निरस्त होने के बावजूद उसका संचालन किया जा रहा था। इस मामले में 45 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
दस्तावेजों की जांच, बकायेदारों से मौके पर वसूली
अभियान के दौरान टीम ने अलग-अलग स्थानों पर वाहनों को रोककर दस्तावेज और कर संबंधी जानकारी जांची। बकाया कर वाले वाहन संचालकों से मौके पर ही राशि जमा कराई गई। गंभीर अनियमितता मिलने पर वाहनों की जब्ती की कार्रवाई की गई। कार्रवाई से वाहन संचालकों में हड़कंप की स्थिति रही।

आगे भी जारी रहेगा अभियान
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी धार हृदेश यादव के नेतृत्व में परिवहन उप निरीक्षक कुमारी दिव्या पाटीदार, सहायक मधुकर सिसोदिया सहित टीम ने कार्रवाई की। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वाहनों के दस्तावेज, मोटरयान कर और अन्य नियमों की जांच आगे भी जारी रहेगी। नियम तोड़ने वाले वाहनों पर जुर्माने के साथ जरूरत पड़ने पर जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी।
आरटीओ हृदेश यादव ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल राजस्व वसूली नहीं, बल्कि वाहन संचालकों को नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना भी है।