← वापस
इंदौर

न्याय और कानून : भ्रष्टाचार के मामलों में 'मांग और स्वीकृति' की अनिवार्यता का मामला!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
न्याय और कानून : भ्रष्टाचार के मामलों में 'मांग और स्वीकृति' की अनिवार्यता का मामला!

 

पूर्व असिस्टेंट सॉलिसिटर जनरल एवं वरिष्ठ अधिवक्ता विनय झैलावत का कॉलम

    भारत में भ्रष्टाचार निवारण कानूनों के प्रवर्तन में, केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और राज्य सतर्कता ब्यूरो जैसी जांच एजेंसियां मुख्य रूप से ट्रैप केस पर निर्भर करती हैं। हालांकि, सार्वजनिक भ्रष्टाचार को रोकने की जल्दबाजी में अक्सर एक महत्वपूर्ण प्रक्रियात्मक चूक हो जाती है। रंगे हाथ पकड़े गए पैसे की केवल बरामदगी को ही दोषसिद्धि का अंतिम आधार मान लिया जाता है। भारत के सर्वोच्च न्यायालय ने जांच एजेंसियों की इस जल्दबाजी पर कड़ा अंकुश लगाया है। सितंबर 2026 में दिए गए अपने नवीनतम ऐतिहासिक निर्णयों के माध्यम से, शीर्ष अदालत ने स्पष्ट किया है कि किसी लोक सेवक से केवल रंगी हुई नकदी की बरामदगी का कोई कानूनी महत्व नहीं है। जब तक अभियोजन पक्ष दो बुनियादी तथ्यों को साबित न कर दे। पहला, रिश्वत की पहले से की गई स्पष्ट मांग और दूसरा, उस मांग के बाद उसे स्वीकार करना। इन दोनों बुनियादी तथ्यों को साबित किए बिना, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत दोषसिद्धि की कानूनी धारणा को लागू नहीं किया जा सकता है।

     ट्रैप ऑपरेशनों के लिए कानूनी मानकों को सर्वोच्च न्यायालय द्वारा सितंबर 2026 में दिए गए दो महत्वपूर्ण निर्णयों से मजबूती मिली है। ये मामले स्थापित करते हैं कि न्यायपालिका उचित प्रक्रिया की कीमत पर अधूरी या जल्दबाजी में की गई जांच कार्रवाइयों को स्वीकार नहीं करेगी। पहले उल्लेखनीय मामले भरत राज मीणा बनाम केंद्रीय जांच ब्यूरो में, जिसमें केरल उच्च न्यायालय के दोषसिद्धि के आदेश को उलट दिया गया था। सर्वोच्च न्यायालय ने एक लोक सेवक को बरी कर दिया, क्योंकि किसी भी स्वतंत्र गवाह ने रिश्वत की वास्तविक मांग या उसे स्वीकार करते हुए नहीं देखा या सुना था। अदालत ने जांच एजेंसी की जल्दबाजी की तीखी आलोचना की और कहा कि जाल बिछाने की कार्रवाई अत्यधिक उतावलेपन में की गई थी और इसे पूरा होने का समय नहीं दिया गया। एक ट्रैप को कानूनी रूप से वैध होने के लिए, स्वतंत्र गवाहों द्वारा रिश्वत की सक्रिय मांग और उसके बाद स्वेच्छा से पैसे सौंपने की प्रक्रिया को देखना या सुनना अनिवार्य है। जब कोई एजेंसी समय से पहले कार्रवाई करती है, तो वह केवल पैसे के कब्जे और आपराधिक रिश्वत की स्वीकृति के बीच के कानूनी अंतर को साबित करने में विफल हो जाती है।

    यह सिद्धांत सितंबर 2026 में ही जसविंदर सिंह बनाम पंजाब राज्य के मामले में भी दोहराया गया, जिसका फैसला न्यायमूर्ति उज्ज्वल भुइयां और न्यायमूर्ति अरुण पल्ली की पीठ ने किया। इस मामले में, अदालत ने एक लोक सेवक को बरी करते हुए यह रेखांकित किया कि रिश्वत की स्पष्ट और बेदाग मांग को साबित करने में अभियोजन पक्ष की विफलता पूरे ट्रैप केस के लिए घातक है। ये फैसले भ्रष्टाचार विरोधी एजेंसियों को एक स्पष्ट संदेश देते हैं। एक सफल ट्रैप के लिए सतर्क और धैर्यपूर्ण जमीनी कार्रवाई की आवश्यकता होती है, न कि केवल बरामदगी मेमो पर आंख मूंदकर भरोसा करने की। सितंबर 2026 में लागू किए गए ये सिद्धांत सर्वोच्च न्यायालय के उन ऐतिहासिक निर्णयों की श्रृंखला पर आधारित हैं, जहां अदालत ने रिश्वत की मांग से जुड़े नियमों को धीरे-धीरे मजबूत किया है। इस न्यायशास्त्र की मुख्य आधारशिला पी सत्यनारायण मूर्ति बनाम आंध्र प्रदेश राज्य (2015) का मामला है। इस मामले में, सर्वोच्च न्यायालय ने प्रसिद्ध सिद्धांत दिया कि केवल अवैध परितोष के रूप में किसी राशि की स्वीकृति या उसकी बरामदगी, मांग के सबूत के बिना, अपने आप में आरोप साबित करने के लिए पर्याप्त नहीं होगी। अदालत ने फैसला सुनाया कि यदि पहले से की गई मांग साबित नहीं होती है, तो लोक सेवक बरी होने का हकदार है, भले ही पैसे की बरामदगी कितनी भी संदिग्ध क्यों न हो। इस प्रकार, मांग को इस अधिनियम के तहत अपराध के लिए अनिवार्य शर्त माना गया।

     यह नियम तब एक जटिल चुनौती बन गया, जब शिकायतकर्ताओं की मृत्यु हो गई या वे अदालत में अपनी गवाही दर्ज कराने से पहले मुकर गए। इस विवाद को सुलझाने के लिए कि मुख्य गवाह की अनुपस्थिति में मांग को कैसे साबित किया जाए, पांच न्यायाधीशों की संविधान पीठ ने नीरज दत्ता बनाम राज्य (एनसीटी दिल्ली) (2023) में एक निर्णायक फैसला सुनाया। संविधान पीठ ने स्पष्ट किया कि यद्यपि रिश्वत की मांग को हमेशा साबित किया जाना चाहिए, लेकिन इसके लिए हमेशा शिकायतकर्ता के सीधे मौखिक बयान की ही आवश्यकता नहीं होती है। यदि शिकायतकर्ता उपलब्ध नहीं है, तो मांग को परिस्थितिजन्य साक्ष्य के माध्यम से स्थापित किया जा सकता है, बशर्ते तथ्यों की श्रृंखला अटूट हो और केवल दोष की ओर इशारा करती हो। महत्वपूर्ण रूप से, संविधान पीठ ने मूल कानून को हल्का करने से इनकार कर दिया, चाहे सबूत प्रत्यक्ष हो या परिस्थितिजन्य, मांग के तथ्य को संदेह से परे साबित करना ही होगा।

     इस सख्त साक्ष्य की आवश्यकता को के शांतम्मा बनाम तेलंगाना राज्य (2022) में और मजबूत किया गया था। शीर्ष अदालत ने माना कि भले ही बरामद धन को लेकर लोक सेवक का स्पष्टीकरण थोड़ा कमजोर हो। लेकिन, अभियोजन पक्ष इसका लाभ तब तक नहीं उठा सकता जब तक कि वह रिश्वत की शुरुआती मांग के अपने बुनियादी सबूत को साबित न कर दे। साबित करने का मुख्य दायित्व हमेशा राज्य पर ही रहता है। इन निर्णयों को पूरी तरह से समझने के लिए, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 20 के तहत दी गई कानूनी धारणा का विश्लेषण करना आवश्यक है। धारा 20 सबूत के बोझ को आरोपी पर स्थानांतरित करती है, जिसमें कहा गया है कि यदि यह साबित हो जाता है कि एक लोक सेवक ने कोई धन स्वीकार किया है, तो अदालत यह मान लेगी कि यह रिश्वत के रूप में लिया गया था। सर्वोच्च न्यायालय का न्याय शास्त्र स्पष्ट करता है कि धारा 20 स्वतः लागू होने वाला प्रावधान नहीं है। इसके लिए एक सख्त पूर्व-शर्त है। दोषसिद्धि की यह कानूनी धारणा आरोपी पर केवल तभी स्थानांतरित होती है जब अभियोजन पक्ष बिना किसी संदेह के यह साबित कर दे कि लोक सेवक ने स्वेच्छा से धन स्वीकार किया था। चूंकि कानूनी स्वीकृति के लिए पहले से की गई मांग का होना अनिवार्य है, इसलिए बिना मांग के इसकी कल्पना नहीं की जा सकती। यदि पैसा जबरन जेब में डाला गया है, बिना जानकारी के रख दिया गया है, या किसी वैध बहाने (जैसे ऋण की वापसी) के तहत प्राप्त हुआ है, तो स्वीकृति का बुनियादी तथ्य विफल हो जाता है, और धारा 20 की धारणा कभी लागू नहीं होती।

     भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम से जुड़ा यह न्यायशास्त्र आपराधिक कानून के एक बुनियादी सिद्धांत को रेखांकित करता है। अपराध की गंभीरता सजा देने के लिए आवश्यक सबूत के मानक को कम नहीं करती है। भ्रष्टाचार निसंदेह एक सामाजिक बुराई है जो सार्वजनिक विश्वास को कमजोर करती है, लेकिन इससे लड़ने के नाम पर प्रक्रियात्मक सुरक्षा उपायों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। रिश्वत की मांग को एक अनिवार्य शर्त मानकर, सर्वोच्च न्यायालय लोक सेवकों को झूठे मामलों और प्रक्रियात्मक ज्यादतियों से बचाता है। जांच एजेंसियों के लिए संदेश साफ है। केवल रंग बदलने वाले रासायनिक परीक्षणों और तत्काल बरामदगी ज्ञापनों पर निर्भर रहने का युग अब समाप्त हो चुका है। आधुनिक भ्रष्टाचार विरोधी प्रवर्तन को सक्रिय मांग को साबित करने के लिए वैज्ञानिक उपकरणों, ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग और सतर्क गवाहों के बयानों को प्राथमिकता देनी होगी, ताकि कानूनी रूप से एक मजबूत और निष्पक्ष न्याय प्रणाली सुनिश्चित की जा सके।

खबरें और भी हैं...