पालदा में आम की गोल लकड़ी से भरा वाहन जब्त, लकड़ी मंडी में चार दिन से कथित अवैध परिवहन की चर्चा
इंदौर। अवैध लकड़ी परिवहन पर वन विभाग की कार्रवाई अब सवालों के घेरे में है। इंदौर रेंज की टीम ने पालदा क्षेत्र से आम की गोल लकड़ी से भरा आयशर वाहन क्रमांक एमपी-13-जीबी-1642 जब्त कर वन अपराध प्रकरण दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि लकड़ी इंदौर की लकड़ी मंडी स्थित आरा मशीन पर पहुंचाई जानी थी। लेकिन सवाल यह है कि क्या विभाग की कार्रवाई सिर्फ एक वाहन की जब्ती तक सीमित रहेगी, या लकड़ी मंडी में कथित अवैध परिवहन के पूरे मामले की भी जांच होगी?
नियमित कार्रवाई या किसी के इशारे पर?
लकड़ी मंडी में चर्चा है कि एक अधिकारी के कथित कहने पर वन माफिया ने लकड़ी से भरा वाहन वन विभाग के सुपुर्द किया। यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि इससे पहले चार दिनों तक लकड़ी मंडी में लकड़ी का कथित अवैध परिवहन होता रहा। हालांकि, इन चर्चाओं और आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
अब सवाल यह है कि यदि कई दिनों से अवैध परिवहन हो रहा था, तो विभाग की गश्त और निगरानी व्यवस्था क्या कर रही थी? लकड़ी कहां से लाई गई, उसके परिवहन संबंधी दस्तावेज वैध थे या नहीं और इस पूरे मामले में किसकी भूमिका रही?