जलाऊ लकड़ी से भरी ट्रॉली छोड़ने और वाहन राजसात नहीं करने के बदले मांगी थी रकम, 65 हजार में तय हुआ था सौदा
रतलाम/जावरा। वन विभाग में रिश्वतखोरी का मामला सामने आया है। जलाऊ लकड़ी से भरी ट्रॉली छोड़ने और कार्रवाई रफा-दफा करने के एवज में किसान से 2 लाख रुपए की रिश्वत मांगने वाला डिप्टी रेंजर लोकायुक्त के जाल में फंस गया। उज्जैन लोकायुक्त की टीम ने शुक्रवार को जावरा स्थित वन विभाग कार्यालय में डिप्टी रेंजर कमल सिंह देवड़ा को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार,पिपलोदा तहसील के शक्करखेड़ी गांव के किसान की जलाऊ लकड़ी से भरी ट्रॉली वन विभाग ने पकड़ी थी। इसमें करीब 10 हजार रुपए की लकड़ी होने की बात सामने आई है। आरोप है कि डिप्टी रेंजर कमल सिंह देवड़ा ने ट्रॉली छोड़ने, प्रकरण रफा-दफा करने और वाहन राजसात नहीं करने के बदले किसान से 2 लाख रुपए की मांग की थी। बाद में रिश्वत की रकम 65 हजार रुपए में तय हुई।
किसान ने रिश्वत मांगे जाने की शिकायत लोकायुक्त उज्जैन से की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद टीम ने जाल बिछाया। शुक्रवार को जैसे ही डिप्टी रेंजर ने किसान से 20 हजार रुपए लिए, लोकायुक्त टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई के बाद आरोपी डिप्टी रेंजर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। लोकायुक्त पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे मुचलके पर रिहा कर दिया। वन विभाग में कर्मचारी के रिश्वत लेते पकड़े जाने के पहले भी मामले आ चुके हैं।