← वापस
इंदौर

 अपराधियों की धरपकड़ से साइबर कार्रवाई तक, इंदौर के 27 पुलिसकर्मी सम्मानित!

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
 अपराधियों की धरपकड़ से साइबर कार्रवाई तक, इंदौर के 27 पुलिसकर्मी सम्मानित!

ब्राउन शुगर और एमडी ड्रग्स के आरोपियों को पकड़ने, 15 गुम मोबाइल बरामद करने और यातायात व्यवस्था संभालने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र के साथ नकद पुरस्कार

इंदौर।गंभीर अपराधों में आरोपियों की गिरफ्तारी से लेकर नशे के कारोबार पर कार्रवाई और साइबर अपराधों से जुड़े मामलों में उल्लेखनीय काम करने वाले इंदौर पुलिस के 27 अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। मंगलवार को पलासिया स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक पुरस्कार कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार देकर उनका उत्साह बढ़ाया।

पुलिस कमिश्नरेट की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बेहतर पुलिसिंग करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाना और अन्य पुलिसकर्मियों को भी उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रेरित करना है।

 ड्रग्स तस्करों पर कार्रवाई, गंभीर अपराध के आरोपी भी पकड़े

थाना संयोगितागंज के पांच पुलिसकर्मियों को गंभीर अपराध में वांछित आरोपी की गिरफ्तारी में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। अन्नपूर्णा थाना पुलिस के तीन कर्मचारियों को ब्राउन शुगर के साथ आरोपी पकड़ने पर पुरस्कार मिला। वहीं, अपराध शाखा के चार पुलिसकर्मियों को एमडी ड्रग्स जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में अहम भूमिका निभाने के लिए सम्मानित किया गया।

    अपराधियों की धरपकड़ से साइबर कार्रवाई तक, इंदौर के 27 पुलिसकर्मी सम्मानित! - 2

साइबर पोर्टल से 15 मोबाइल बरामद

अपराध शाखा के आरक्षक अकलेश प्रजापति को साइबर पोर्टल की मदद से 15 गुम मोबाइल बरामद करने पर पुरस्कृत किया गया। खजराना और हीरानगर थाने के पुलिसकर्मियों को भी साइबर पोर्टल के माध्यम से प्रभावी कार्रवाई के लिए सम्मान मिला। यातायात थाने की चार महिला आरक्षकों को बेहतर यातायात प्रबंधन के लिए सम्मानित किया गया।

इसके अलावा सोशल मीडिया के जरिए पुलिस के अच्छे कार्यों को आमजन तक पहुंचाने और शस्त्र पूजन कार्यक्रम की व्यवस्थाएं संभालने वाले पुलिसकर्मियों को भी पुरस्कार दिया गया। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आर.के. सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने सम्मानित कर्मचारियों के कार्यों की सराहना की।

खबरें और भी हैं...