← वापस
धार

ओवरलोड बसों पर आरटीओ की सख्ती, 51.5 हजार रुपए शमन शुल्क वसूला  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
ओवरलोड बसों पर आरटीओ की सख्ती, 51.5 हजार रुपए शमन शुल्क वसूला

 

मनमाना किराया भी जांच के घेरे में; घाटा बिल्लोद में क्षमता से ज्यादा सवारी मिली तो महिलाओं को लौटाया 50-50 रुपए किराया

धार। क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर दौड़ रही यात्री बसों और यात्रियों से मनमाना किराया वसूलने वालों पर परिवहन विभाग ने शिकंजा कस दिया है। कलेक्टर राजीव रंजन मीना के आदेश और परिवहन आयुक्त के मार्गदर्शन में जिलेभर में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। दत्तीगांव टोल प्लाजा सहित प्रमुख मार्गों और टोल नाकों पर बसों को रोककर यात्रियों की संख्या, किराया, परमिट, दस्तावेज और सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है। अभियान में अब तक नियम तोड़ने वाले वाहन संचालकों से 51 हजार 500 रुपए शमन शुल्क वसूला जा चुका है।

ओवरलोड बस मिली, महिलाओं का आधा किराया लौटाया

रक्षाबंधन के दौरान घाटा बिल्लोद में जांच के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने सांवेर से धार जा रही एक यात्री बस को रोका। बस में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्री मिले। जांच के दौरान बस में बड़ी संख्या में महिलाएं भी सवार थीं। अधिकारियों ने ओवरलोडिंग पर कार्रवाई की बात कही।

इस दौरान बस के परिचालक ने रक्षाबंधन के कारण महिलाओं की अधिक संख्या होने की बात बताई। इसके बाद आरटीओ हृदेश यादव ने सांवेर से धार जा रही महिलाओं का आधा किराया वापस करने को कहा। परिचालक ने बस में बैठी महिलाओं को 50-50 रुपए वापस किए। किराया वापस मिलने पर महिलाओं ने खुशी जताई।

    यात्रियों से सीधे पूछ रहे कितना किराया लिया

विशेष अभियान में परिवहन विभाग की टीम दस्तावेजों की जांच के साथ यात्रियों से भी पूछताछ कर रही है। यात्रियों से पूछा जा रहा है कि उनसे गंतव्य तक पहुंचने के लिए कितना किराया लिया गया। निर्धारित किराए से अधिक राशि लेने की शिकायत मिलने पर बस संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

      टोल नाकों पर भी बढ़ाई निगरानी

अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी हृदेश यादव, परिवहन उप निरीक्षक दिव्या पाटीदार, सहायक वर्ग-2 मधुकर सिसोदिया सहित टीम ने इंदौर-अहमदाबाद मार्ग के दत्तीगांव टोल प्लाजा समेत कई स्थानों पर बसों की जांच की। अधिकारियों ने बस संचालकों को निर्धारित किराया लेने और क्षमता के अनुसार ही यात्रियों को बैठाने की हिदायत दी है।

ओवरलोड बसों पर आरटीओ की सख्ती, 51.5 हजार रुपए शमन शुल्क वसूला

  - 2

बार-बार उल्लंघन पर परमिट भी हो सकता है निरस्त

परिवहन विभाग के अनुसार ओवरलोडिंग यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। मनमाना किराया वसूलने और क्षमता से अधिक सवारी बैठाने की शिकायतों पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। बार-बार नियम तोड़ने वाले बस संचालकों के खिलाफ परमिट निरस्तीकरण सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

खबरें और भी हैं...