लोकायुक्त के 2018 के प्रकरण में बड़वानी विशेष न्यायालय का बड़ा फैसला; दोनों दोषियों पर 5-5 हजार रुपए का जुर्माना
बड़वानी। ग्राम पंचायत टाकली में भ्रष्टाचार और कूटरचित दस्तावेजों से जुड़े मामले में विशेष न्यायालय बड़वानी ने बड़ा फैसला सुनाया है। न्यायालय ने तत्कालीन पंचायत सचिव छतर सिंह गंगवाल और उनके भाई कुंवर सिंह गंगवाल को दोषी ठहराते हुए 10-10 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई है। दोनों पर 5-5 हजार रुपए का अर्थदंड भी लगाया गया है। वहीं, इसी मामले में आरोपी तत्कालीन सरपंच प्यार सिंह को न्यायालय ने दोषमुक्त कर दिया।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, ग्राम पंचायत टाकली, तहसील राजपुर, जिला बड़वानी से संबंधित इस मामले में 13 जून 2017 को लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में प्राप्त सूत्र सूचना के आधार पर जांच शुरू की गई थी। जांच के बाद तत्कालीन सरपंच प्यार सिंह, पंचायत सचिव छतर सिंह गंगवाल और सचिव के भाई कुंवर सिंह गंगवाल के खिलाफ अपराध क्रमांक 17/2018 दर्ज किया गया था।
प्रकरण में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 13(1)(डी), 13(2) तथा भारतीय दंड विधान की धारा 419, 420, 467, 468, 471 और 120बी के तहत कार्रवाई की गई। लोकायुक्त पुलिस ने विस्तृत अनुसंधान के बाद 18 जुलाई 2022 को विशेष न्यायालय बड़वानी में चालान प्रस्तुत किया था।
करीब आठ वर्षों तक चली कानूनी प्रक्रिया के बाद 31 अक्टूबर 2026 को न्यायालय ने फैसला सुनाया। इसमें सचिव और उनके भाई को 10-10 साल की सजा सुनाई गई, जबकि तत्कालीन सरपंच को बरी कर दिया गया। फैसले के बाद पंचायत से जुड़े भ्रष्टाचार के इस मामले में दोषियों को कड़ी सजा मिलने की चर्चा है।
फ़ोटो एआई द्वारा निर्मित