फांसी लगाने के बाद इलाज के दौरान तोड़ा दम, सुसाइड नोट नहीं मिला; पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
इंदौर। पलासिया थाना क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी की महिला इंजीनियर की संदिग्ध मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शुक्रवार को फांसी लगाने के बाद गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराई गई 40 वर्षीय आरती यादव ने शनिवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद मायके पक्ष ने पति और ससुर पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आरती यादव पीडब्ल्यूडी में इंजीनियर थीं और सरकारी आवास में रहती थीं। घटना के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, इसलिए पुलिस मौत के कारणों की हर पहलू से जांच कर रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
मृतका के परिजनों ने बताया कि आरती की शादी वर्ष 2012 में नीलेश यादव से हुई थी, जो स्वयं भी पीडब्ल्यूडी में इंजीनियर हैं। मायके पक्ष का आरोप है कि पति लंबे समय से आरती को प्रताड़ित करता था। मृतका के भाई ने पति पर हत्या करने और ससुर को पूरी साजिश का मास्टरमाइंड बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि पुलिस परिजनों और मृतका की बच्चियों के बयान दर्ज कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।