सुबह अचानक हुआ हादसा, जेसीबी से सुधार शुरू; पाइपलाइन लीकेज या ड्रेनेज खराबी की जांच
इंदौर। शहर में सड़क धंसने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। सोमवार सुबह पंढरीनाथ पुलिस स्टेशन के ठीक सामने सीमेंट की सड़क का बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया। देखते ही देखते यहां 10 फीट से अधिक गहरा गड्ढा बन गया। सड़क धंसने से मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था बिगड़ गई।
हादसे की जानकारी करीब 11 बजे नगर निगम को मिली। सूचना मिलते ही निगम का अमला जेसीबी लेकर मौके पर पहुंचा और गड्ढे को भरने व मार्ग को सुरक्षित करने का काम शुरू किया। फिलहाल सड़क के धंसने की वजह स्पष्ट नहीं है।
निगम अधिकारियों के अनुसार सड़क सीमेंट से बनी थी। इसके नीचे की मिट्टी या आधार अचानक क्यों धंसा, इसकी जांच की जा रही है। अधिकारियों को आशंका है कि कहीं भूमिगत पानी की पाइपलाइन में लीकेज या ड्रेनेज लाइन में खराबी के कारण मिट्टी कमजोर तो नहीं हुई। जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएगा।
शहर में पहले भी धंस चुकी हैं सड़कें
इंदौर में सड़क धंसने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 24 घंटे जलापूर्ति योजना के तहत बिछाई गई नई पाइपलाइन की टेस्टिंग के दौरान गोराकुंड में करीब 40 करोड़ रुपए की लागत से तैयार सड़क धंसने का मामला सामने आया था। इसके बाद नसिया रोड पर ड्रेनेज लाइन डालने के बाद लगाए गए पेवर ब्लॉक भी बारिश के बाद कई जगह धंस गए। स्थानीय व्यापारियों के मुताबिक कुछ स्थानों पर पेवर ब्लॉक करीब 3 फीट तक नीचे बैठ चुके हैं।
लगातार सामने आ रहे मामलों ने सड़क निर्माण के साथ भूमिगत पाइपलाइन और ड्रेनेज कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े किए हैं। अब पंढरीनाथ क्षेत्र में सड़क धंसने की जांच के बाद ही पता चलेगा कि इसके पीछे तकनीकी खामी, लीकेज या मिट्टी धंसने का कारण क्या रहा।
पहले भी सामने आए मामले
गोराकुंड में 24 घंटे जलापूर्ति योजना की पाइपलाइन टेस्टिंग के दौरान करीब 40 करोड़ रुपए की सड़क धंस चुकी है। नसिया रोड पर ड्रेनेज काम के बाद लगाए पेवर ब्लॉक भी बारिश में कई जगह धंसे। स्थानीय व्यापारियों के अनुसार कुछ हिस्से 3 फीट तक नीचे बैठ गए हैं।