← वापस
इंदौर

पिगडंबर में पटाखा गोदाम पर प्रशासन का ताला, सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर सील!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
पिगडंबर में पटाखा गोदाम पर प्रशासन का ताला, सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर सील!

 

फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंचने का रास्ता संकरा, गोदाम में भंडारण के साथ हो रही थी बिक्री; कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर कार्रवाई

इंदौर। दीपावली पर पटाखों के कारोबार में सुरक्षा नियमों की अनदेखी भारी पड़ सकती है। राऊ तहसील के ग्राम पिगडंबर में जांच के दौरान सुरक्षा मानकों और लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन मिलने पर प्रशासन ने सुंदरम पटाखा एजेंसी के गोदाम को सील कर दिया। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई से पटाखा कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

प्रशासनिक टीम ने एबी रोड से करीब 250 फीट अंदर स्थित गोदाम का निरीक्षण किया। यह गोदाम इंदौर निवासी जितेश बागेचा द्वारा संचालित किया जा रहा था। जांच में सामने आया कि गोदाम तक पहुंचने का रास्ता बेहद संकरा है। ऐसे में आग लगने या अन्य आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड जैसे बड़े वाहनों को मौके तक पहुंचने में परेशानी हो सकती थी। इससे राहत और बचाव कार्य प्रभावित होने की आशंका थी।

      भंडारण के साथ बिक्री भी मिली

निरीक्षण के दौरान गोदाम में विभिन्न प्रकार की पटाखा सामग्री भंडारित मिली। यहां से बिक्री का काम भी किया जा रहा था। प्रशासन ने इसे लागू नियमों और लाइसेंस की शर्तों के अनुरूप नहीं पाया। विस्फोटक अधिनियम के तहत निर्धारित सुरक्षा मानकों के पालन में भी अनियमितताएं सामने आईं।

जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टीम ने तत्काल गोदाम पर ताला लगाकर उसे सील कर दिया। कार्रवाई एसडीएम राऊ लोकेंद्र सिंह सरल के निर्देशन में नायब तहसीलदार धीरज सोनी ,आर आई, पटवारी और राजस्व टीम ने की।

नियम तोड़े तो होगी वैधानिक कार्रवाई

  कलेक्टर शिवम वर्मा ने स्पष्ट किया कि दीपावली के दौरान आगजनी और अन्य दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पटाखों के भंडारण एवं बिक्री में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है। लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...