इंदौर। देवास में पहचान छिपाकर युवती से संबंध बनाने,शादी का झांसा देने और निजी तस्वीरों व वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता युवती ने इंदौर में पत्रकारों से चर्चा में गिरफ्तार आरोपी शाहरुख बैग उर्फ महेंद्र सिंह चंद्रावत पर गंभीर आरोप लगाए। युवती का कहना है कि आरोपी ने शुरुआत में अपनी पहचान महेंद्र चंद्रावत के रूप में बताई और नजदीकियां बढ़ाईं। बाद में शादी का भरोसा देकर उसका शोषण किया।
युवती के मुताबिक,आरोपी के पास उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो थे। इन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर उससे अलग-अलग माध्यमों से करीब 8 से 10 लाख रुपये लिए गए। युवती का आरोप है कि उसके नाम पर ऋण और मोबाइल फोन भी लिए गए,जिनकी किस्तें वह अब तक चुका रही है। कथित लेन-देन के कारण उसके दो बैंक खाते बंद होने की बात भी उसने कही है।
पुणे के रेस्टोरेंट में हुई थी पहली मुलाकात
शिकायतकर्ता के अनुसार उसकी और आरोपी की पहली मुलाकात पुणे के एक रेस्टोरेंट में हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच नजदीकियां हुईं। युवती का आरोप है कि बाद में आरोपी उसे देवास स्थित अपने घर ले गया,जहां उसकी इच्छा के विरुद्ध संबंध बनाए गए। कुछ समय बाद युवती को आरोपी की कथित वास्तविक पहचान और धर्म के बारे में जानकारी हुई।
युवती ने आरोप लगाया कि पहचान सामने आने के बाद भी आरोपी ने उसे शादी का भरोसा देकर संबंध बनाए रखे और निजी तस्वीरों का इस्तेमाल कर दबाव बनाया। उसने आरोपी पर खुद और परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है।
कार्यकर्ताओं ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
मामले में इंदौर राजपूत करणी सेना के कार्यकर्ताओं द्वारा आरोपी को पकड़कर देवास की कोतवाली पुलिस के हवाले किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने युवती की शिकायत के आधार पर दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों, कथित आर्थिक लेन-देन,मोबाइल फोन व ऋण से जुड़े दस्तावेजों तथा निजी तस्वीरों-वीडियो से संबंधित तथ्यों की जांच कर रही है। मामले में आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगी।