खुले में कचरा और रेड स्पॉट मिलने पर कार्रवाई,स्टोर प्रबंधन को स्वच्छता बनाए रखने के सख्त निर्देश
इंदौर। इंदौर में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ नगर निगम लगातार सख्ती बरत रहा है। इसी अभियान के तहत बुधवार को निगम ने खुले में कचरा फैलाने और परिसर के बाहर रेड स्पॉट मिलने पर जेप्टो (ZEPTO) के एक स्टोर पर 50 हजार रुपए का स्पॉट फाइन लगाया।
नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर चल रहे विशेष स्वच्छता अभियान के तहत यह कार्रवाई अपर आयुक्त प्रखर सिंह के मार्गदर्शन में जोन-8 के वार्ड-28 में की गई। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी अवधनारायण सिंह,मुख्य सीएसआई कुलदीप बागरी तथा एसीएसआई जय किशन नागर की टीम ने स्टोर के आसपास खुले में कचरा और पान-गुटखे के रेड स्पॉट पाए। इसके बाद मौके पर ही 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य शाखा, एचएमएस टीम और संबंधित वार्ड का अमला भी मौजूद रहा। निगम अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाना और थूककर रेड स्पॉट बनाना स्वच्छता नियमों का गंभीर उल्लंघन है। ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निगम ने स्टोर प्रबंधन को परिसर और आसपास नियमित साफ-सफाई रखने,कर्मचारियों व ग्राहकों के लिए पीकदान की व्यवस्था करने तथा भविष्य में स्वच्छता नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि दोबारा अनियमितता मिलने पर और कठोर कार्रवाई की जाएगी।