इंदौर। पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग की समीक्षा बैठक गुरुवार को संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार की अध्यक्षता में हुई। बैठक में अगस्त 2026 तक राजस्व आय, दस्तावेज पंजीयन और बकाया वसूली की स्थिति की समीक्षा की गई। संभागायुक्त ने अधिकारियों को शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने और लंबित राजस्व की वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उप महानिरीक्षक पंजीयक यूएस वाजपेयी ने बताया कि अगस्त तक इंदौर परिक्षेत्र के जिलों को 1668 करोड़ रुपए का लक्ष्य मिला था। इसके मुकाबले 1411.22 करोड़ रुपए की आय हो चुकी है, जो लक्ष्य का 84.61 प्रतिशत है। पिछले वर्ष की तुलना में राजस्व आय में करीब 20 प्रतिशत और दस्तावेज पंजीयन में 10.20 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है।
बैठक में विभाग में स्वीकृत पदों के मुकाबले अधिकारियों-कर्मचारियों की कमी का मुद्दा भी उठा। वाजपेयी ने बताया कि पद रिक्त होने से लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति, बकाया वसूली और रोजमर्रा के काम में परेशानी आ रही है। नगर निगम इंदौर द्वारा दस्तावेजों के पंजीयन पर लगाए गए प्रतिबंध से भी विभाग की आय प्रभावित हो रही है।
संभागायुक्त ने लंबित जनसुनवाई शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।