चीलघाट पुल पर देर रात हादसा; ट्रक में दो लोगों के फंसे होने की आशंका, उफनती नदी में एसडीआरएफ का रेस्क्यू जारी
दमोह। दमोह-कटनी स्टेट हाईवे पर कुम्हारी थाना क्षेत्र के चीलघाट पुल पर शुक्रवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। सीमेंट से लदा 18 चक्का ट्रक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 40 फीट नीचे उफनती नदी में जा गिरा। नदी में गिरने के बाद ट्रक पलट गया और उसका काफी हिस्सा पानी में डूब गया। ट्रक में दो लोगों के सवार होने की जानकारी सामने आई है, जिनके अंदर फंसे होने की आशंका है। एसडीआरएफ की टीम शनिवार सुबह से नदी में सर्चिंग और बचाव अभियान चला रही है।
स्थानीय लोगों ने शनिवार सुबह नदी में ट्रक देखा तो कुम्हारी पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी बृजेश पांडे टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ट्रक के आसपास कोई व्यक्ति दिखाई नहीं देने पर दमोह से एसडीआरएफ की करीब 12 सदस्यीय टीम को बुलाया गया। टीम ने नदी में उतरकर तलाश शुरू की।
कटनी से दमोह आ रहा था ट्रक
जानकारी के अनुसार इंदौर पासिंग 18 चक्का ट्रक कटनी से सीमेंट लेकर दमोह की ओर आ रहा था। चीलघाट पुल पर अचानक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार ट्रक रेलिंग तोड़कर नदी में जा गिरा। हादसे के बाद ट्रक पलटकर पानी में डूब गया।
क्रेन से निकाला जाएगा ट्रक
पुलिस के अनुसार नदी में पानी अधिक होने और ट्रक के पलटे होने के कारण अंदर फंसे लोगों की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। ट्रक को सीधा कर बाहर निकालने के लिए क्रेन मंगाई जा रही है। इसके बाद ही ट्रक के अंदर लोगों के होने की स्थिति स्पष्ट होगी।
पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश के कारण नदी उफान पर है। करीब 40 फीट गहरी नदी में तेज बहाव के बीच रेस्क्यू करना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। थाना प्रभारी ने बताया कि डायल-100 से रात करीब एक बजे हादसे की सूचना मिली थी। खबर लिखे जाने तक एसडीआरएफ का रेस्क्यू अभियान जारी था और कोई सफलता नहीं मिली थी।