ग्लोबल बाजार में तेजी का असर; मंडी में ट्रॉलियों की लंबी कतारें, समर्थन मूल्य से ₹600 ज्यादा भाव मिलने से किसानों के चेहरे खिले
ब्यावरा (राजगढ़)। अमित सक्सेना (लाला)
अंतरराष्ट्रीय और घरेलू खाद्य तेल बाजार में आई तेजी का असर अब ब्यावरा मंडी में साफ दिखाई देने लगा है। राजगढ़ जिले की प्रमुख कृषि उपज मंडी में इन दिनों सोयाबीन की बंपर आवक हो रही है। वैश्विक बाजार में मांग बढ़ने और खाद्य तेलों के समीकरण सुधरने से सोयाबीन के भाव मजबूत हुए हैं। अच्छी क्वालिटी की सोयाबीन के भाव ₹6300 प्रति क्विंटल तक पहुंच गए। समर्थन मूल्य ₹5708 की तुलना में किसानों को करीब ₹600 प्रति क्विंटल ज्यादा भाव मिला है।
समर्थन मूल्य से ऊपर भाव, किसानों ने बढ़ाई मंडी की राह
अच्छे भाव मिलने की उम्मीद में आसपास के दर्जनों गांवों से किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सोयाबीन भरकर ब्यावरा मंडी पहुंच रहे हैं। सुबह से ही मंडी परिसर से लेकर मुख्य मार्ग तक ट्रॉलियों की लंबी कतारें नजर आ रही हैं। नीलामी शेड भर चुके हैं, जबकि खुले प्रांगण में भी सोयाबीन के ढेर लगे हैं। बेहतर भाव मिलने से किसान उपज को सीधे मंडी में बेचने को प्राथमिकता दे रहे हैं।
प्लांटों में भी मजबूत लेवाली
मंडी के साथ सोयाबीन प्रोसेसिंग प्लांटों में भी खरीदारी तेज है। ब्यावरा कोरोनेशन प्लांट में सोयाबीन के भाव ₹6300 प्रति क्विंटल तक रहे, जबकि गोयल प्लांट में ₹6250 प्रति क्विंटल तक के सौदे दर्ज किए गए। प्लांटों की मजबूत मांग ने स्थानीय बाजार में भी भाव को सहारा दिया है।
मांग बढ़ी तो बोली में बढ़ी प्रतिस्पर्धा
व्यापारियों और बाजार जानकारों के अनुसार सोया तेल और सोयामील (डीओसी) की मांग मजबूत रहने से तेल मिलों और बड़े खरीदारों की सक्रियता बढ़ी है। खासकर अच्छी और सूखी क्वालिटी की सोयाबीन के लिए खरीदारों के बीच प्रतिस्पर्धा दिखाई दे रही है। इसका सीधा फायदा किसानों को बेहतर भाव के रूप में मिल रहा है।
रबी की तैयारी के लिए राहत
हाल के दिनों में भाव को लेकर चिंतित किसानों को अब मंडी के रुख से राहत मिली है। किसानों का कहना है कि समर्थन मूल्य से ऊपर भाव मिलने से लागत और मेहनत की भरपाई में मदद मिलेगी। साथ ही रबी सीजन की तैयारी के लिए जरूरी नकदी भी जुट सकेगी। मंडी में बढ़ी आवक और बेहतर भाव ने किसानों के चेहरों पर फिर से रौनक लौटा दी है।