अधिकारियों की बैठक लेकर दिए निर्देश,बाजारों में वॉच टॉवर और अतिरिक्त पुलिस बल रहेगा तैनात; नशे के कारोबारियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने की तैयारी
इंदौर। दीपावली पर शहर की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए पुलिस ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने अधिकारियों की बैठक लेकर सुरक्षा इंतजामों और अपराध नियंत्रण की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। भीड़भाड़ वाले बाजारों से लेकर संवेदनशील इलाकों तक पुलिस की पैनी नजर रहेगी। निगरानी के लिए ड्रोन,वॉच टॉवर और उद्घोषणा प्रणाली का उपयोग किया जाएगा।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आर.के. सिंह,मयंक अवस्थी सहित पुलिस उपायुक्त और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
पटाखा बाजारों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
पुलिस कमिश्नर ने पटाखा दुकानों का नियमित निरीक्षण करने और सुरक्षा मानकों का पालन कराने के निर्देश दिए। प्रत्येक दुकान पर अग्निशमन यंत्र, रेत और पानी की व्यवस्था अनिवार्य होगी। रहवासी क्षेत्रों में अवैध पटाखा भंडारण, कार्बाइड गन और प्रतिबंधित विस्फोटक सामग्री के विक्रय पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बदमाशों और नशा कारोबारियों पर नजर
संवेदनशील क्षेत्रों और अपराधियों के ठिकानों पर ड्रोन से निगरानी होगी। आदतन बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के साथ उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। मादक पदार्थों और अवैध शराब के कारोबार में लिप्त अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के निर्देश भी दिए गए हैं। पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहार के दौरान आमजन की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे।