कलेक्टर जनसुनवाई में पहुंची शिकायत; आवेदक बोला- बार-बार शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान, मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार
इंदौर। कलेक्टर जनसुनवाई में मंगलवार को मुंबई-आगरा रोड स्थित पंचवटी कॉलोनी से जुड़ा एक मामला सामने आया। शिकायतकर्ता दिलप्रीत सिंह छाबड़ा ने आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी माताजी और भाई के नाम कॉलोनी में दो प्लॉट खरीदे थे, लेकिन अब दोनों प्लॉट उनके कब्जे में नहीं हैं। शिकायतकर्ता के मुताबिक कॉलोनी हर्ष संघवी की बताई गई है।
दिलप्रीत सिंह का कहना है कि प्लॉट खरीदने के बाद वे कई बार संबंधित व्यक्ति से मिलने पहुंचे, लेकिन हर बार उनके इंदौर में नहीं होने की बात कहकर उन्हें वापस भेज दिया गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति के ड्राइवर द्वारा उनके दोनों प्लॉट पर मकान बनाकर उन्हें अन्य लोगों को बेच दिया गया।
उन्होंने बताया कि मामले को लेकर पुलिस मुख्यालय और कलेक्टर कार्यालय में पहले भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। मंगलवार को उन्होंने दोबारा कलेक्टर जनसुनवाई में अपनी शिकायत रखकर कार्रवाई की मांग की।
मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार
शिकायतकर्ता ने मीडिया के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री से भी मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि यदि प्लॉट खरीदने के बाद भी मालिक को जमीन नहीं मिलती और उस पर किसी अन्य द्वारा निर्माण कर उसे बेच दिया जाता है, तो यह गंभीर मामला है। उन्होंने प्रशासन से दोनों प्लॉट वापस दिलाने और मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।