पहले 2-3 बार समझाइश, फिर वीडियो बनाकर कार्रवाई; दीपावली तक चलेगा निगरानी अभियान
इंदौर। शहर में पानी की बर्बादी रोकने के लिए अब नगर निगम समझाइश के बाद चालानी कार्रवाई करेगा। महापौर पुष्यमित्र भार्गव सोमवार तड़के ही गलियों में पहुंच गए। उन्होंने पार्श्वनाथ, विनय नगर, जैन कॉलोनी और लोकमान्य नगर में रहवासियों से संवाद कर पानी का अपव्यय रोकने की अपील की। महापौर ने स्पष्ट किया कि पहले दो-तीन बार समझाइश दी जाएगी, इसके बावजूद सुधार नहीं हुआ तो वीडियो बनाकर नियमानुसार चालान काटा जाएगा।
आरओ का वेस्ट पानी भी आएगा काम
महापौर ने कहा कि गर्मी में पानी की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में पानी की बर्बादी का खामियाजा पूरे शहर को भुगतना पड़ सकता है। इसलिए हर घर में पानी का इस्तेमाल जरूरत के मुताबिक होना चाहिए। उन्होंने आरओ से निकलने वाले अनुपयोगी पानी को पौधों में डालने, गाड़ियां और कपड़े धोने जैसे कामों में दोबारा इस्तेमाल करने की सलाह दी, ताकि पीने योग्य पानी की खपत कम हो सके।
दीपावली तक निगरानी, घास कटाई के लिए भी समय तय
महापौर ने एनजीओ की टीम को दीपावली तक निगरानी अभियान का कार्यक्रम तैयार करने और नियमित रूप से क्षेत्रों में नजर रखने के निर्देश दिए। जिन स्थानों पर हरी घास दिखाई दे रही है, वहां भी दो-दो दिन की समय-सीमा तय कर कटाई कराने को कहा।
इस दौरान जलकार्य प्रभारी अभिषेक शर्मा ‘बबलू’, पार्षद योगेश गेदर और नगर निगम के जोनल अधिकारी मौजूद रहे। निगम का लक्ष्य जागरूकता के जरिए पानी की बर्बादी रोकना है। बार-बार समझाने के बाद भी लापरवाही जारी रहने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।