← वापस
इंदौर

पानी के टैंकर का बिल पास करने मांगी रिश्वत, नगर निगम का उपयंत्री ₹5 हजार लेते धराया!   

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
पानी के टैंकर का बिल पास करने मांगी रिश्वत, नगर निगम का उपयंत्री ₹5 हजार लेते धराया! 

 

1.12 लाख के बकाया भुगतान के लिए लॉगबुक सत्यापन के बदले मांगे थे ₹6 हजार, लोकायुक्त ने चाणक्यपुरी चौराहे पर की कार्रवाई

इंदौर। नगर निगम में पानी के टैंकर के बिल का भुगतान कराने के बदले रिश्वत मांगने के आरोप में लोकायुक्त पुलिस ने बुधवार को जोन क्रमांक 13 के उपयंत्री हर्ष गहलोत को ₹5 हजार लेते हुए ट्रैप किया। शिकायतकर्ता सोहेल पटेल निवासी नायता मुंडला ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। कार्रवाई चाणक्यपुरी चौराहे पर हनुमान मंदिर के सामने की गई। लोकायुक्त की कार्रवाई देर शाम तक जारी थी।

शिकायत के अनुसार, सोहेल पटेल ने नगर निगम में अपना पानी का टैंकर अटैच कराया था। इसके तहत तीन महीने का ₹1 लाख 12 हजार 500 का बिल भुगतान के लिए लंबित था। बिल पास कराने के लिए लॉगबुक का सत्यापन होना था। आरोप है कि इस प्रक्रिया को पूरा करने के बदले उपयंत्री हर्ष गहलोत ने पटेल से ₹6 हजार की रिश्वत मांगी थी।

शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय को दी। शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की बात सही पाए जाने का दावा लोकायुक्त ने किया। इसके बाद 28 अक्टूबर 2026 को आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम, 2018 की धारा 7 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) के तहत अपराध दर्ज कर ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी को शिकायतकर्ता से ₹5 हजार लेते पकड़ा गया।

यह कार्रवाई लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश पर उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई। दल में निरीक्षक आशुतोष मिठास, प्रधान आरक्षक रणजीत द्विवेदी, विजय सैलार, विवेक मिश्रा तथा आरक्षक मनीष माथुर और पवन पटोरिया शामिल रहे। लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

खबरें और भी हैं...