← वापस
इंदौर

पुण्यतिथि : कृष्ण ‘शलभ’ बचपन की धड़कनों को शब्द देने वाला साहित्यकार

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
पुण्यतिथि : कृष्ण ‘शलभ’

बचपन की धड़कनों को शब्द देने वाला साहित्यकार

- राजेंद्र शर्मा (समीक्षक और साहित्यकार)

  18 जुलाई 1945 को सहारनपुर जनपद के नकुड़ में जन्मे कृष्ण ‘शलभ’ का मूल नाम कृष्ण लाल था। 31 अक्टूबर 2017 को उनका निधन हुआ। उनकी नौवीं पुण्यतिथि पर उन्हें याद करना हिंदी बाल साहित्य के प्रति उनके बहुआयामी योगदान को स्मरण करना है। कृष्ण ‘शलभ’ के व्यक्तित्व निर्माण में पारिवारिक संस्कारों की महत्त्वपूर्ण भूमिका रही। उनकी मां गंगा रानी धार्मिक प्रवृत्ति की थीं और रामचरितमानस का पाठ करने के साथ लोकगीत भी गाती थीं। पिता ओमप्रकाश संगीत के अनुरागी थे तथा रामलीला, संगीत आयोजनों और रंगमंच से जुड़े रहते थे। स्थानीय स्तर पर वे ‘ओपी उस्ताद’ के नाम से पहचाने जाते थे।लोकगीतों, संगीत और ग्रामीण परिवेश के बीच बीते बचपन ने कृष्ण ‘शलभ’ के भीतर लय और संवेदना का संस्कार विकसित किया। यही संस्कार आगे चलकर उनकी बाल कविताओं की विशेषता बने।

    उनकी बाल कविता यात्रा किसी साहित्यिक योजना से नहीं, बल्कि पारिवारिक प्रसंग से शुरू हुई। उनके बेटे राजीव को विद्यालय में 15 अगस्त के कार्यक्रम में सुनाने के लिए कविता चाहिए थी। इसी अवसर पर उन्होंने ‘जंगल में आजादी आई’ और ‘छुक-छुक मेरी रेल चले’ जैसी कविताएं लिखीं। बच्चों के बीच मिली स्वीकृति ने उन्हें बाल साहित्य की ओर प्रेरित किया। उनकी दृष्टि में बाल कविता केवल बच्चों के लिए लिखी गई सरल कविता नहीं, बल्कि बचपन का जीवंत प्रतिरूप थी। ऐसा बचपन, जिसमें चंचलता, जिज्ञासा, कल्पना और सवाल करने की स्वतंत्रता हो। उनकी कविताओं में लय, ध्वनि, गति और दृश्यात्मकता का विशेष महत्व दिखाई देता है। वे बच्चे को उपदेश सुनने वाला पात्र नहीं, बल्कि अपनी स्वतंत्र कल्पना शक्ति और संवेदना वाला व्यक्तित्व मानते थे।

    कृष्ण ‘शलभ’ का योगदान मौलिक लेखन तक सीमित नहीं रहा। उनकी पुस्तक ‘बचपन एक समंदर’ में हिंदी की 666 प्रतिनिधि बाल कविताएं संकलित हैं। इस महत्त्वपूर्ण संकलन को तैयार करने में उन्हें लगभग बारह वर्षों का समय लगा। इसके अलावा ‘शिशुगीत सलिला’ में 1008 शिशु गीतों का संकलन भी उनके दीर्घकालीन परिश्रम और समर्पण का प्रमाण है। बाल साहित्य की अनेक रचनाएं पत्र-पत्रिकाओं और पुस्तकों में बिखरी रहती हैं। उन्हें खोजकर, चयनित कर एक स्थान पर उपलब्ध कराना साहित्यिक विरासत को सुरक्षित रखने जैसा कार्य है। ‘बचपन एक समंदर’ इसी दृष्टि से महत्त्वपूर्ण है। इस पुस्तक पर शोध कार्य भी हुआ है, जो इसकी अकादमिक उपयोगिता को रेखांकित करता है। उनकी अन्य प्रमुख कृतियों में ‘चीं-चीं चिड़िया’, ‘सूरज की चिट्ठी’, ‘नाच चिरैया ता-था थैया’, ‘ओ मेरी मछली’, ‘मैना की चिट्ठी’ और ‘देश हमारा’ शामिल हैं। ‘बाल साहित्यकार कोश’ उनके संपादकीय और संकलन संबंधी कार्यों का महत्त्वपूर्ण उदाहरण है।

    उनकी पत्नी हेम ‘शलभ’ के अनुसार, साहित्य उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा था। नौकरी और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बावजूद वे देर रात तक लेखन में जुटे रहते थे। साहित्यिक गोष्ठियों और मित्रों के बीच उनकी सक्रियता बनी रहती थी। कविता, गीत, गजल, लोकगीत, समीक्षा, संस्मरण और शोध जैसे क्षेत्रों में भी उन्होंने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्हें उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान के बाल साहित्य भारती सम्मान और दिल्ली हिंदी अकादमी के बाल साहित्य सम्मान सहित विभिन्न साहित्यिक सम्मानों से नवाजा गया। हालांकि उनकी उपलब्धियों का मूल्यांकन केवल पुरस्कारों से नहीं, बल्कि मौलिक लेखन, संपादन और बाल साहित्य के संरक्षण में उनके योगदान से किया जाना चाहिए।

    कृष्ण ‘शलभ’ बदलते सामाजिक परिवेश में बचपन की संवेदनाओं और लोक-संस्कृति से बच्चों की बढ़ती दूरी को लेकर चिंतित थे। आज डिजिटल माध्यमों और दृश्य मनोरंजन के विस्तार के बीच उनकी चिंता और प्रासंगिक हो गई है। बच्चों के जीवन में पढ़ने, कल्पना करने, प्रकृति से जुड़ने और स्वतंत्र प्रश्न उठाने की जगह बचाए रखना जरूरी है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि बाल साहित्य में कृष्ण ‘शलभ’ को वह स्थान नहीं मिला, जिसके वे हकदार थे। उनकी नौवीं पुण्यतिथि पर सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि उनके साहित्यिक अवदान का व्यापक मूल्यांकन हो और उन्हें हिंदी बाल साहित्य में उनका उचित स्थान मिले।

खबरें और भी हैं...