← वापस
इंदौर

पेपर लीक, भर्ती अनियमितताओं और बेरोजगारी के खिलाफ छात्रों का अनिश्चितकालीन धरना जारी  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
पेपर लीक, भर्ती अनियमितताओं और बेरोजगारी के खिलाफ छात्रों का अनिश्चितकालीन धरना जारी

 

भंवरकुआं चौराहे पर जुटे अभ्यर्थियों ने निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और रिक्त पदों पर जल्द भर्ती की मांग उठाई

इंदौर। चिकित्सा प्रवेश परीक्षा के कथित प्रश्नपत्र लीक, कर्मचारी चयन मंडल की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और बढ़ती बेरोजगारी के विरोध में इंदौर के भंवरकुआं चौराहे पर छात्रों का अनिश्चितकालीन धरना लगातार जारी है। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, निष्पक्ष जांच और सरकारी विभागों में लंबे समय से रिक्त पड़े पदों पर शीघ्र भर्ती की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।

धरने पर बैठे छात्रों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर कई बार प्रशासन को ज्ञापन सौंप चुके हैं। कलेक्टर कार्यालय का घेराव भी किया गया, जबकि कुछ अभ्यर्थियों ने विरोध दर्ज कराने के लिए सिर मुंडवाकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। उनका आरोप है कि लगातार आंदोलन और ज्ञापन देने के बावजूद अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

छात्र प्रमोद नामदेव और छात्रा माही शर्मा ने कहा कि मध्यमवर्गीय और गरीब परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर वर्षों तक मेहनत और बड़ी राशि खर्च करते हैं। ऐसे में यदि भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं तो लाखों युवाओं के भविष्य पर संकट खड़ा हो जाता है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की।

प्रदर्शनकारी छात्रों ने दिल्ली में आंदोलनरत अभ्यर्थियों पर हुई पुलिस कार्रवाई पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि युवाओं की आवाज दबाने के बजाय सरकार को उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। छात्रों ने चेतावनी दी कि जब तक प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं होती, दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती और रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं होती, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।

खबरें और भी हैं...