मुंबई। लेखक बनना आसान नहीं है, यह विधाता द्वारा दी गई सौगात है जिसे सुरक्षित रखना हमारी जिम्मेदारी है। विपरीत हालात में भी रचनात्मकता जारी रखना निहायत जरूरी है। यह विचार प्रख्यात कथाकार सूर्यबाला ने 'सृजन के रंग' संस्था के वार्षिकोत्सव पर आयोजित सम्मान समारोह व कवि सम्मेलन में व्यक्त किए। उन्हें 'सृजन विभूति सम्मान' से सम्मानित किया गया।
कथाकार, पत्रकार हरीश पाठक ने कहा कि विपरीत स्थितियां ही एक लेखक को गढ़ती है। मैं इसका उदाहरण हूं। मेरे शब्द विरोधी पिता नहीं चाहते थे कि डॉक्टर, इंजीनियर के परिवार में कोई लेखक बने पर मुझे शब्दों से ही मोहब्बत थी। कहानी ही मेरा पहला प्यार है। अंततः पिता ही मेरे आदर्श बने। उन्हें सृजन गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विजय पंडित को सृजन रंग और शैलेश श्रीवास्तव को सृजन श्री सम्मान से सम्मानित किया गया।संस्था की अध्यक्ष डॉ कनकलता तिवारी ने संस्था का परिचय दिया व आयोजन के प्रयोजन पर अपने विचार रखे।कार्यक्रम की अध्यक्षता देवमणि पांडेय ने की।
इस अवसर पर अशोक वाटिका (कविता ए झा), कुछ नहीं अनकहा (अमनदीप गुजराल) और धूप का सफर (डॉ कनकलता तिवारी) की पुस्तकों का लोकार्पण हुआ। दो सत्रों में हुए कवि सम्मेलन में प्रमुख रूप से देवमणि पांडेय, कमलेश पाठक, शैलेश श्रीवास्तव, श्रीधर मिश्र, ओमप्रकाश तिवारी, अनिल पुरब,रोशनी किरण, सीमा त्रिवेदी, प्रदीप मिश्र,जागृति सिन्हा,रीमा राय सिंह, लक्ष्मी यादव, जया आनंद आदि ने रचना पाठ किया।