स्कूल संचालक की शिकायत पर लोकायुक्त ने बिछाया जाल; नाहल्दा पंचायत सचिव के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
खंडवा इंदौर। स्कूल का दो साल का प्रॉपर्टी टैक्स कम करने के बदले 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगने के आरोप में लोकायुक्त इंदौर की टीम ने ग्राम पंचायत नाहल्दा के सचिव कृष्ण देव पटेल को 25 हजार रुपए लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। शुक्रवार को मेडिकल चौराहे के पास एक चाय की दुकान के सामने ट्रैप की कार्रवाई की गई।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, ग्राम नाहल्दा निवासी लक्ष्मण सिंह चौहान ने 5 अक्टूबर को इंदौर लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता खंडवा जिले में एक निजी स्कूल के संस्थापक हैं। स्कूल का संचालन उनके पुत्र द्वारा किया जाता है।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि ग्राम पंचायत नाहल्दा के सचिव कृष्ण देव पटेल ने स्कूल के दो साल के प्रॉपर्टी टैक्स को कम करने के बदले 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। सचिव ने स्कूल का बकाया प्रॉपर्टी टैक्स करीब 2 लाख 20 हजार रुपए बताया था।
शिकायत का सत्यापन कर बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के निर्देश पर शिकायत का सत्यापन कराया गया। शिकायत सही पाए जाने के बाद 9 अक्टूबर को आरोपी सचिव के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर ट्रैप की योजना बनाई गई।
निर्धारित योजना के तहत लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए सचिव को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ लिया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
निरीक्षक प्रतिभा तोमर सहित सात सदस्य शामिल
कार्रवाई में निरीक्षक प्रतिभा तोमर के साथ आरक्षक आदित्य सिंह, रामेश्वर निगवाल, आशीष नायडू, कमलेश परिहार, सतीश यादव और श्रीकृष्ण अहिरवार शामिल रहे। लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई के निर्देशों के तहत यह कार्रवाई की।