← वापस
मध्यप्रदेश

प्रशांत चौबे की पुलिस पंचायत में छलके बुजुर्गों के आंसू, बेटे ने पैर छूकर मांगी माफी!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
प्रशांत चौबे की पुलिस पंचायत में छलके बुजुर्गों के आंसू, बेटे ने पैर छूकर मांगी माफी!

 

कहीं पिता से मारपीट, कहीं किराएदार का मकान पर कब्जा; अपनों के दर्द पर पुलिस पंचायत ने लगाई मरहम, तीन मामलों में समाधान की समय-सीमा तय

सीहोर। अपनों से मिले दर्द को बयां करते हुए बुजुर्गों की आंखें नम हो गईं। कहीं जमीन के विवाद में बेटे ने पिता से मारपीट की, तो कहीं पांच साल से किराएदार मकान खाली नहीं कर रहा। एक अन्य बुजुर्ग रुपये वापस नहीं मिलने से परेशान थे। ऐसे मामलों की सुनवाई सीनियर सिटीजन पुलिस पंचायत में हुई। यहां समझाइश और कार्रवाई की चेतावनी के बीच बुजुर्गों को राहत की उम्मीद बंधी।

पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देश पर आयोजित पंचायत की बैठक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे के नेतृत्व में हुई। इसमें कोर कमेटी सदस्य अनिल पालीवाल, साधु राम शर्मा और कमल सिंह ठाकुर मौजूद रहे।

पिता से मारपीट करने वाले बेटे ने पैर छूकर मांगी माफी

ग्रामीण क्षेत्र के एक बुजुर्ग ने शिकायत की थी कि जमीन के विवाद में उनका बेटा मारपीट और गाली-गलौज करता है। पंचायत में बेटे को माता-पिता के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी का अहसास कराया गया। गलती स्वीकारने के बाद बेटे ने सबके सामने पिता के पैर छूकर माफी मांगी और भविष्य में परेशान नहीं करने का भरोसा दिया। पिता ने भी बेटे को गले लगाकर आशीर्वाद दिया।

रुपये लौटाने के लिए तीन दिन की मोहलत

इछावर क्षेत्र के एक बुजुर्ग ने शिकायत की कि बेटे के नाम से काम कराने के लिए गांव के एक व्यक्ति ने रुपये लिए, लेकिन वापस नहीं किए। संबंधित व्यक्ति ने रुपये किसी अन्य को दिलवाने की बात कही। पंचायत ने तीन दिन में समाधान करने के निर्देश दिए और वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी।

पांच साल से मकान पर किराएदार का कब्जा

एक बुजुर्ग ने बताया कि बच्चों की पढ़ाई के लिए शहर में बनाया मकान परिचित को किराए पर दिया था। आरोप है कि पांच साल से न किराया मिला, न मकान खाली हुआ। पंचायत ने दूसरे पक्ष को जवाब देने के लिए तीन दिन का समय दिया। मामले में अगली बैठक में फिर सुनवाई होगी।

75 वर्षीय बुजुर्ग की रोजी-रोटी का रास्ता निकला

एक अन्य मामले में 75 वर्षीय बुजुर्ग और उनके दामाद के बीच जमीन तथा गांव में काम करने के अधिकार को लेकर विवाद था। पंचायत की समझाइश के बाद दामाद ने सहमति दी कि बुजुर्ग को रोजी-रोटी के लिए काम करने से नहीं रोका जाएगा।

अन्य मामलों में भी सुनवाई की गई। कुछ प्रकरणों में संबंधित पक्षों को दस्तावेज प्रस्तुत करने और अपना पक्ष रखने के लिए समय दिया गया।

खबरें और भी हैं...