← वापस
इंदौर

प्रतीक्षालय के पास मिला नवजात का शव, जन्म छिपाने के लिए फेंकने की आशंका!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
प्रतीक्षालय के पास मिला नवजात का शव, जन्म छिपाने के लिए फेंकने की आशंका!

 

राहगीर की सूचना पर पहुंची भंवरकुआं पुलिस, पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही

इंदौर।शहर के भंवरकुआं थाना क्षेत्र में नवजात शिशु का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव एक प्रतीक्षालय के पास लावारिस हालत में मिला। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि नवजात के जन्म की जानकारी छिपाने के उद्देश्य से शव को वहां फेंका गया। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

जानकारी के अनुसार, रास्ते से गुजर रहे एक राहगीर की नजर प्रतीक्षालय के पास पड़े नवजात के शव पर पड़ी। उसने तत्काल भंवरकुआं पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। मौत के कारणों और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति या व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नवजात को वहां कौन छोड़कर गया और घटना कब हुई।

   सीसीटीवी फुटेज से तलाशे जा रहे सुराग

आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास और आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

  एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार, मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं...