← वापस
धार

प्रदूषण जांच पूरी, फिर भी नहीं मिल रहा पीयूसी प्रमाणपत्र  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
प्रदूषण जांच पूरी, फिर भी नहीं मिल रहा पीयूसी प्रमाणपत्र

 

35% वाहनों में मोबाइल नंबर सत्यापन की समस्या, ओटीपी के फेर में आरटीओ के चक्कर काटने को मजबूर वाहन मालिक

धार। वाहन की प्रदूषण जांच कराने के बाद भी लोगों को प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) नहीं मिल पा रहा है। ऑनलाइन व्यवस्था में मोबाइल नंबर पर ओटीपी नहीं आने से प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया अटक रही है। पीयूसी केंद्र संचालकों के अनुसार, करीब 35 प्रतिशत वाहनों में मोबाइल नंबर सत्यापन की समस्या सामने आ रही है। इसके चलते वाहन मालिकों को जांच कराने के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।

     पुराने नंबर बने परेशानी की वजह

सबसे ज्यादा दिक्कत उन वाहन मालिकों को हो रही है, जिनके पंजीयन रिकॉर्ड में पुराना या बंद मोबाइल नंबर दर्ज है। प्रदूषण जांच पूरी होने के बाद जब ओटीपी से सत्यापन की प्रक्रिया शुरू होती है, तब समस्या सामने आती है। सत्यापन नहीं होने पर केंद्र संचालक प्रमाणपत्र जारी नहीं कर पाते।

  आरटीओ के चक्कर, समय और पैसा बर्बाद

मोबाइल नंबर अपडेट कराने के लिए वाहन मालिकों को क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इससे समय और पैसे दोनों खर्च हो रहे हैं। लोगों की मांग है कि मोबाइल नंबर बदलने की सरल ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध कराई जाए और पीयूसी केंद्रों पर ही इस समस्या के समाधान की व्यवस्था हो।

   जांच के बाद भी अटक रही प्रक्रिया

ऑनलाइन व्यवस्था का उद्देश्य लोगों को सुविधा देना है, लेकिन सत्यापन की तकनीकी अड़चन परेशानी बढ़ा रही है। परिवहन विभाग को समस्या का समाधान करना जरूरी है, ताकि प्रदूषण जांच पूरी होने के बाद वाहन मालिकों को प्रमाणपत्र के लिए भटकना न पड़े। वाहन चालकों को भी पीयूसी बनवाने से पहले अपने पंजीयन रिकॉर्ड में दर्ज मोबाइल नंबर की जांच कर लेनी चाहिए।

खबरें और भी हैं...