लोकायुक्त की जांच में अब तक 18.79 करोड़ रुपए खर्च करने की जानकारी, इंदौर के रंगवासा और लसूडिया मोरी में जमीनों का पता चला
इंदौर। पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय में पदस्थ प्रधान आरक्षक चालक फिरोज खान की संपत्तियों को लेकर लोकायुक्त की जांच में नए खुलासे हुए हैं। 19 अक्टूबर तक की जांच में आरोपी, उसके सहयोगियों, परिवार और फर्म के नाम पर कुल 46 अचल संपत्तियां खरीदे जाने की जानकारी सामने आई है। इनकी वर्तमान बाजार कीमत 64 करोड़ रुपए से अधिक आंकी गई है। लोकायुक्त अब संपत्तियों के दस्तावेजों और स्वामित्व का सत्यापन कर रहा है।
लोकायुक्त पुलिस ने 14 अक्टूबर को फिरोज खान के विभिन्न आवासों और ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया था। महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देशन तथा डीआईजी मनोज कुमार सिंह और एसपी राजेश सहाय के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई के बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया है।
पत्नी की फर्म के नाम पर करोड़ों की जमीन
जांच में इंदौर के रंगवासा में कृषि भूमि के कई सौदों की जानकारी मिली है। इसके अलावा जुलाई 2024 में लसूडिया मोरी क्षेत्र में रेड कारपेट के पीछे 11.771 हेक्टेयर कृषि भूमि खरीदे जाने का पता चला है। इस जमीन का गाइडलाइन मूल्य 3.85 करोड़ रुपए बताया गया है।
लोकायुक्त के अनुसार, इन जमीनों की खरीद स्पार्कवेव रियलिटी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर की गई। यह फर्म आरोपी की पत्नी हिना खान और युवराज पंवार के संयुक्त नाम से संचालित होना पाई गई है। फर्म से संबंधित अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
64 करोड़ रुपए आंकी गई बाजार कीमत
अब तक की जांच में सामने आई संपत्तियों पर कुल 18 करोड़ 79 लाख 79 हजार 531 रुपए खर्च किए जाने की जानकारी है। खरीदी गई अचल संपत्तियों का कुल गाइडलाइन मूल्य 17 करोड़ 19 लाख 46 हजार 323 रुपए, जबकि वर्तमान बाजार मूल्य 64 करोड़ 1 लाख 11 हजार 768 रुपए आंका गया है।
लोकायुक्त द्वारा संपत्तियों के स्रोत, दस्तावेजों और संबंधित लोगों की भूमिका का सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही संपत्तियों और उनकी खरीद से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होगी।