← वापस
मध्यप्रदेश

पिस्टल लेकर पत्थरों से भरे ट्रक के पीछे दौड़े रेंजर, वीडियो वायरल!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
पिस्टल लेकर पत्थरों से भरे ट्रक के पीछे दौड़े रेंजर, वीडियो वायरल!

 

अवैध परिवहन पकड़ने के बाद चालक ने दौड़ाया ट्रक, हाथ में सर्विस रिवॉल्वर लेकर पीछा करते नजर आए रेंजर अनिल कुमार; डीएफओ बोले- आत्मरक्षा और सुरक्षा के लिए उठाया कदम

विदिशा। देवास के खातेगांव में अवैध शराब कारोबारियों द्वारा ट्रक से कुचलकर पुलिस अधिकारी की हत्या की घटना के बाद अब वन विभाग के अधिकारी भी अपनी सुरक्षा को लेकर सतर्क नजर आ रहे हैं। विदिशा के गंजबासौदा क्षेत्र में एक रेंजर का हाथ में पिस्टल लेकर पत्थरों से भरे ट्रक का पीछा करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मामला उदयपुर क्षेत्र का है। वन विभाग की टीम ने जंगल से अवैध रूप से पत्थरों का परिवहन कर रहे ट्रक को पकड़ा था। टीम ट्रक को रेंज कार्यालय ले जा रही थी, तभी चालक शाहिद खान ने अचानक ट्रक की रफ्तार बढ़ाई और भागने की कोशिश की। इस दौरान रेंजर अनिल कुमार दोपहिया वाहन से ट्रक का पीछा करते नजर आए। उनके हाथ में पिस्टल भी थी। घटनास्थल पर मौजूद एक राहगीर ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।

वन विभाग ने ट्रक जब्त कर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। वहीं, डीएफओ हेमंत यादव ने रेंजर की कार्रवाई का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने सुरक्षा और एहतियात के तौर पर अपनी लाइसेंसी सर्विस रिवॉल्वर हाथ में रखी थी। उनका किसी को घायल करने का इरादा नहीं था।

अवैध कारोबारियों के हौसले और सरकारी अमले की सुरक्षा पर सवाल

वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग की कार्रवाई के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आखिर अवैध खनन और परिवहन रोकने वाली टीम को पर्याप्त सुरक्षा संसाधन क्यों नहीं मिलते? क्या ऐसे मामलों में अकेले या सीमित अमले के साथ कार्रवाई करना अधिकारियों की जान जोखिम में डाल सकता है? घटना ने वन विभाग की मैदानी कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था पर नई बहस छेड़ दी है।

खबरें और भी हैं...