गौशालाओं में भ्रष्टाचार की बातें सामने आने के बाद कार्रवाई, राजपत्र में अधिसूचना जारी
भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने पशुपालन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल से विभाग वापस लेकर उन्हें आनंद विभाग का स्वतंत्र प्रभार दे दिया। बताया जा रहा है की शासकीय गौशालाओं में भ्रष्टाचार की खबरें सामने आने के बाद लखन पटेल पर यह कार्रवाई की गई। यह भी कहा जा रहा है कि उनकी कारगुजारियों की जानकारी दिल्ली तक पहुंच गई थी और वहां से भी इस बारे में पूछताछ की गई। इसके बाद उन्हें हटाकर आनंद विभाग जैसा काम सौंपा गया जिसका न तो कोई बजट है और न जिसका कहीं कोई काम चल रहा है। शिवराज सरकार में बनाया गया यह विभाग अब लगभग मृतप्राय हो गया है। ऐसे विभाग की जिम्मेदारी लखन पटेल को दिए जाने का सीधा सा मतलब है कि अब उन्हें मंत्रिमंडल से हटाया भी जा सकता है
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा मंगलवार को जारी असाधारण राजपत्र के अनुसार, राज्यपाल की मंजूरी के बाद मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल के विभागों में औपचारिक बदलाव किया गया। जारी अधिसूचना के मुताबिक मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के पास सामान्य प्रशासन, गृह, जेल, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन, जनसंपर्क, नर्मदा घाटी विकास, विमानन, खनिज साधन, लोक सेवा प्रबंधन, प्रवासी भारतीय, पशुपालन एवं डेयरी सहित वे सभी विभाग रहेंगे, जो किसी अन्य मंत्री को आवंटित नहीं किए गए हैं।
मंत्रिमंडल में शामिल राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल को आनंद विभाग का स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया। यह बदलाव सामान्य प्रशासन विभाग की 30 दिसंबर 2023 की अधिसूचना में आंशिक संशोधन के तहत किया गया है। अधिसूचना मध्यप्रदेश शासन के कार्य (आवंटन) नियमों के तहत जारी की गई है। आदेश सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला द्वारा राज्यपाल के नाम से जारी किया गया है। नए विभागीय आवंटन के बाद संबंधित विभागों में प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कार्रवाई शुरू होने की संभावना है।