← वापस
इंदौर

पुष्य नक्षत्र से बाजारों में दीपावली की दस्तक, देर रात तक बरसेगा धन!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
पुष्य नक्षत्र से बाजारों में दीपावली की दस्तक, देर रात तक बरसेगा धन!

 

कंप्यूटर के दौर में भी नहीं टूटी परंपरा, व्यापारियों ने शुभ मुहूर्त में खरीदे बहीखाते; पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे दुकानदार

इंदौर। दीपावली के महापर्व की रौनक अब बाजारों में नजर आने लगी है। रविवार को पुष्य नक्षत्र के शुभ संयोग ने शहर के बाजारों में उत्साह और कारोबार की नई उम्मीद जगा दी। सुबह से ही सराफा, बर्तन, कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक्स, रेडीमेड और सजावटी सामान के बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो गई। दीपावली से पहले आए इस खास खरीदारी के अवसर पर बाजारों में देर रात तक चहल-पहल रहने की उम्मीद है। व्यापारियों को भी इस बार अच्छे कारोबार की आस है।

इस बार की खास तस्वीर आधुनिकता और परंपरा के संगम की रही। आज जब व्यापार का अधिकांश हिसाब-किताब कंप्यूटर और डिजिटल माध्यमों से होने लगा है, तब भी इंदौर के व्यापारियों ने अपनी पुरानी परंपरा को पूरी श्रद्धा के साथ निभाया। रविवार सुबह बहीखातों की दुकानें अलसुबह ही खुल गई थीं। कई व्यापारी कुर्ता-पायजामा और सिर पर पारंपरिक टोपी पहनकर शुभ मुहूर्त में दुकान पहुंचे। यहां उन्होंने नए कारोबारी वर्ष के लिए बहीखाते खरीदे। व्यापारियों के लिए नई बही खरीदना केवल एक रस्म नहीं, बल्कि सुख-समृद्धि और कारोबार में तरक्की की कामना का प्रतीक है।

    सुबह से बाजारों में बढ़ी रौनक

रविवार होने के कारण बाजारों में ग्राहकों की अच्छी भीड़ देखने को मिली। बहीखाते खरीदने के बाद व्यापारियों ने भी शुभ मुहूर्त में अपने प्रतिष्ठानों पर कारोबार की शुरुआत की। सराफा बाजार में सोने-चांदी के आभूषणों, बर्तन बाजार में घरेलू उपयोग की वस्तुओं और कपड़ा बाजार में दीपावली की खरीदारी को लेकर उत्साह नजर आया। इलेक्ट्रॉनिक्स और रेडीमेड दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। दीपावली से पहले यह आखिरी रविवार होने के कारण बाजारों में खरीदारी का दबाव और बढ़ने की संभावना है।

पुष्य नक्षत्र से बाजारों में दीपावली की दस्तक, देर रात तक बरसेगा धन!

  - 2

27 नक्षत्रों में पुष्य को माना जाता है श्रेष्ठ

ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार पुष्य नक्षत्र को 27 नक्षत्रों में अत्यंत शुभ और फलदायी माना गया है। इसे समृद्धि, स्थायित्व और उन्नति का प्रतीक माना जाता है। इस दिन सोना-चांदी, वाहन, आभूषण, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स सहित मकान और दुकान जैसी संपत्तियों की खरीदारी करना शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन खरीदी गई वस्तुएं जीवन में सुख-समृद्धि और आर्थिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त करती हैं।

दीपोत्सव से पहले कारोबार को मिलेगी गति

उद्योगों में भी कामकाज जारी है। व्यापारियों को उम्मीद है कि पुष्य नक्षत्र पर रविवार को करोड़ों रुपए का कारोबार होगा। धनतेरस से भाईदूज तक दीपोत्सव की मुख्य परंपराएं निभाई जाएंगी, लेकिन बाजारों की दीपावली का शंखनाद पुष्य नक्षत्र के साथ ही हो गया है। अब व्यापारियों की निगाहें आने वाले दिनों की खरीदारी और त्योहारी कारोबार पर टिकी हैं।

खबरें और भी हैं...