← वापस
इंदौर

पति की मौत के बाद मिले 80 लाख पर विवाद, मां की शिकायत पर दो बेटियों के खिलाफ एफआईआर के आदेश!

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
पति की मौत के बाद मिले 80 लाख पर विवाद, मां की शिकायत पर दो बेटियों के खिलाफ एफआईआर के आदेश!

रकम का पूरा हिसाब नहीं देने और मकान के दस्तावेज रखने का आरोप, कोर्ट के निर्देश पर पुलिस जांच शुरू

    इंदौर। पति की मृत्यु के बाद मिली करीब 80 लाख रुपये की राशि के कथित हेरफेर का मामला सामने आया है। एक महिला ने अपनी ही दो बेटियों पर रकम का पूरा हिसाब नहीं देने और मकान के मूल दस्तावेज अपने पास रखने का आरोप लगाया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

   फरियादी आशा खान उर्फ आयशा खान ने शिकायत में बताया कि उनके पति के निधन के बाद विद्युत विभाग से उन्हें लगभग 80 लाख रुपये की राशि प्राप्त हुई थी। आरोप है कि बैंक संबंधी कार्यों में सहयोग के बहाने उनकी बेटियां मेहरून खान और शमीम खान इस राशि के लेनदेन से जुड़ीं, लेकिन पूरी रकम का स्पष्ट हिसाब नहीं दिया।

     शिकायत के अनुसार, बेटियों ने मकान के मूल दस्तावेज भी अपने पास रख लिए और उन्हें लौटाने से इनकार कर दिया। महिला का आरोप है कि बाद में मेहरून खान ने करीब 36.50 लाख रुपये परिवादी और अन्य भाई-बहनों के खातों में ट्रांसफर किए, लेकिन शेष राशि वापस नहीं की।

    मामले की सुनवाई के दौरान न्यायालय ने प्रथम दृष्टया आरोपों को गंभीर मानते हुए मेहरून खान और शमीम खान के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए। एसीपी रवींद्र बिलवाल ने बताया कि मामला दर्ज कर पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...