← वापस
इंदौर

पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन का ट्रायल रन सफल,जल्द शुरू होगा नियमित संचालन  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन का ट्रायल रन सफल,जल्द शुरू होगा नियमित संचालन

 

इंदौर। पर्यटन प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है। मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज रेल सेक्शन पर हेरिटेज ट्रेन का ट्रायल रन 20 अगस्त को किया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रायल सफल रहा। अब जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ट्रेन का नियमित संचालन शुरू होने की उम्मीद है।

    रेलवे जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि हेरिटेज ट्रेन के कोचों का बीकानेर में रखरखाव किया गया था। इसके बाद सभी कोच पातालपानी रेलवे स्टेशन लाए गए और ट्रैक पर उतारे गए। बुधवार को ट्रेन को पातालपानी से कालाकुंड तक चलाकर ट्रैक और संचालन व्यवस्था का परीक्षण किया गया।

     9.5 किमी के घाट सेक्शन में रोमांचक सफर

    पातालपानी से कालाकुंड के बीच करीब 9.5 किलोमीटर का खूबसूरत घाट सेक्शन है। इस सफर में यात्रियों को घने जंगल, पहाड़, झरने और सुरंगों के बीच से गुजरने का रोमांच मिलेगा। प्राकृतिक नजारों के कारण यह रेल मार्ग पहले से ही पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहा है।

    हेरिटेज ट्रेन में कुल 6 कोच लगाए गए हैं। इनमें 4 नॉन-एसी और 2 एसी विस्टाडोम कोच शामिल हैं। विस्टाडोम कोच से यात्रियों को सफर के दौरान बाहर के प्राकृतिक दृश्यों का बेहतर अनुभव मिलेगा।

    ऑनलाइन ही मिलेंगे टिकट

रेलवे के मुताबिक ट्रेन के टिकट केवल ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध होंगे। ट्रेन के संचालन की तारीख रेलवे नोटिफिकेशन जारी होने के बाद तय होगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार जल्द ही इसकी घोषणा की जा सकती है। उम्मीद है कि ट्रेन का नियमित संचालन वीकेंड से शुरू हो सकता है।

     रेलवे जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि नोटिफिकेशन जारी होते ही ट्रेन के संचालन की जानकारी सार्वजनिक कर दी जाएगी।

खबरें और भी हैं...