इंदौर की स्कीम नंबर-114 में वारदात; 60 वर्षीय महिला की मौत, आरोपी बेटा गिरफ्तार
इंदौर। लसूडिया थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां पत्नी के घर छोड़कर चले जाने से नाराज एक युवक ने अपनी 60 वर्षीय मां की इतनी बेरहमी से पिटाई की कि उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
एसीपी पराग सैनी के अनुसार, स्कीम नंबर-114 स्थित एक मकान में 60 वर्षीय गीताबाई का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही लसूडिया थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
प्रारंभिक जांच और आसपास के लोगों से पूछताछ में सामने आया कि मृतका के बेटे आकाश ने अपनी मां के साथ बेरहमी से मारपीट की थी। आरोप है कि उसने लात-घूंसों से हमला किया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी ममता पारिवारिक विवाद के चलते बुधवार को घर छोड़कर चली गई थी। इसी बात को लेकर वह गुस्से में था। देर रात घर लौटने पर मां से कहासुनी हुई और विवाद इतना बढ़ गया कि उसने मां पर हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी आकाश को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।