सुबह से उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, कुशा-तिल और दूध से विधि-विधान के साथ किया पितरों का स्मरण
विदिशा। शनिवार से पितृपक्ष की शुरुआत के साथ ही बेतवा नदी के बाद वाले घाट पर तर्पण के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सुबह से घाट पर मंत्रोच्चार के बीच लोगों ने दिवंगत पूर्वजों का स्मरण कर विधि-विधान से तर्पण किया। यह प्रक्रिया आगामी 16 दिनों तक चलेगी।
श्रद्धालु कुशा, तिल, दूध और अन्य पूजन सामग्री लेकर घाट पहुंचे। ब्राह्मणों ने मंत्रोच्चार के साथ तर्पण की प्रक्रिया संपन्न कराई। धार्मिक मान्यता के अनुसार पितृपक्ष में पूर्वजों का स्मरण कर श्रद्धा से तर्पण करने से उन्हें शांति मिलती है और परिवार पर उनका आशीर्वाद बना रहता है।
पंडित राजेंद्र दुबे ने बताया कि पितृपक्ष के दौरान श्रद्धा और विधि-विधान से किए गए तर्पण से प्रसन्न होकर पूर्वज परिजनों को स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और तरक्की का आशीर्वाद देते हैं। उन्होंने कहा कि तर्पण केवल परिवार के किसी एक सदस्य तक सीमित नहीं होना चाहिए। परिवार के सभी पुत्रों को इसमें सहभागी बनना चाहिए। जिस प्रकार संपत्ति में सभी का अधिकार होता है, उसी तरह पूर्वजों के प्रति कर्तव्य निभाने में भी सभी की भागीदारी महत्वपूर्ण है।
घाट पर दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और लोगों ने पूर्वजों की स्मृति में श्रद्धापूर्वक तर्पण किया।