मंदिर, वाहन और सूने मकानों के बाद सराफा दुकान निशाने पर; एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
दमोह/पटेरा। पटेरा में लगातार हो रही चोरी की वारदातों से पुलिसिंग पर सवाल खड़े हो रहे हैं। 19 सितंबर की रात चोरों ने लछन सेठ ज्वेलर्स को निशाना बनाया। पीड़ित के अनुसार चोर करीब 10 से 12 किलो चांदी, 125 ग्राम सोना और 80 हजार रुपए नकद ले गए।
वारदात की सूचना पर एडिशनल एसपी सुजीत भदौरिया समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वॉड और साइबर टीम ने जांच की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश जारी है। सोमवार को एसपी आनंद कलादगी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पटेरा में इससे पहले वाहन चोरी, सूने मकानों में सेंधमारी सहित कई वारदातें सामने आ चुकी हैं। लगातार घटनाओं से व्यापारियों में चिंता बढ़ गई है। व्यापारी महासंघ ने अध्यक्ष स्वप्निल सिंघई के नेतृत्व में थाना प्रभारी रचना मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर रात्रि गश्त बढ़ाने और पुरानी चोरियों का खुलासा करने की मांग की।